Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    डूरंड कप में दिखेगा जमशेदपुर एफसी के युवाओं का दम: प्रणय हलदर की कप्तानी में मेन ऑफ स्टील रचेंगे नया इतिहास

    Updated: Fri, 17 Jul 2026 06:16 AM (IST)

    जमशेदपुर एफसी 135वें डूरंड कप में प्रणय हलदर की कप्तानी में उतरेगी, जिसका लक्ष्य खिताब जीतना और आगामी आईएसएल के लिए तैयारी करना है। ...और पढ़ें

    JFC धाकड़ मिडफील्डर प्रणय हलदर की अगुवाई में इस प्रतिष्ठित खिताब को जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

    JFC धाकड़ मिडफील्डर प्रणय हलदर की अगुवाई में इस प्रतिष्ठित खिताब को जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

    HighLights

    1. प्रणय हलदर की कप्तानी में डूरंड कप में उतरेगी जेएफसी।

    2. युवा खिलाड़ियों को मंच देने पर टीम का विशेष जोर।

    3. रांची में खेले जाएंगे जमशेदपुर एफसी के सभी शुरुआती मैच।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जमशेदपुर एफसी (JFC) आगामी 135वें डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए अपनी कमर कस चुकी है। मेन ऑफ स्टील के नाम से मशहूर यह टीम अनुभवी और धाकड़ मिडफील्डर प्रणय हलदर की अगुवाई में इस प्रतिष्ठित खिताब को जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। 
     
    मुख्य कोच कैजाद अंबापर्दीवाला के मार्गदर्शन में टीम इस टूर्नामेंट को आगामी इंडियन सुपर लीग (ISL) की तैयारियों और नए खिलाड़ियों के तालमेल को मजबूत करने के एक शानदार मंच के रूप में देख रही है।
     

    अनुभव और युवा जोश का अनोखा मिश्रण

    साल 2021-22 से जमशेदपुर एफसी का मुख्य हिस्सा रहे प्रणय हलदर इस बार सीनियर और जूनियर खिलाड़ियों के शानदार मिश्रण को लेकर बेहद उत्साहित हैं। 
     
    प्रणय ने कहा क‍ि हमारे प्रशिक्षण सत्र काफी कड़े और मजेदार रहे हैं। टीम के युवाओं में गजब की प्रतिभा है। एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर मेरा कर्तव्य उन्हें सही राह दिखाना और गाइड करना है।
     
    डूरंड कप जैसे बड़े मंच का अनुभव इन युवाओं के करियर में मील का पत्थर साबित होगा। इस बार जमशेदपुर एफसी का मुख्य लक्ष्य क्लब की प्रसिद्ध 'यूथ एकेडमी' से निकले उभरते हुए सितारों को बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने का मौका देना है।
     

    जमशेदपुर एफसी का पूरा शेड्यूल

    जमशेदपुर एफसी इस साल ग्रुप-सी में अपनी चुनौती पेश करेगी। टीम के सभी शुरुआती मुकाबले रांची के होटवार स्थित प्रसिद्ध बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले जाएंगे:
     
          तारीख         विपक्षी टीम                          स्थान
    • 26 जुलाई     डिफेंडर्स एफसी (श्रीलंका)         बिरसा मुंडा स्टेडियम, रांची
    • 04 अगस्त    स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली                 बिरसा मुंडा स्टेडियम, रांची
    • 13 अगस्त    इंडियन एयर फोर्स फुटबॉल टीम    बिरसा मुंडा स्टेडियम, रांची
     

    रांची के फुटबॉल प्रेमियों की नजरें टिकीं

    एशिया के सबसे पुराने और ऐतिहासिक फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप में जमशेदपुर एफसी के प्रदर्शन पर पूरे झारखंड की नजरें टिकी हुई हैं। विशेषकर रांची के फुटबॉल प्रशंसकों के लिए यह बेहद रोमांचक अवसर है।
     
    जहां वे अपनी पसंदीदा टीम को अपने शहर में खेलता देख सकेंगे। अनुभवी खिलाड़ियों की कप्तानी और अकादमी के नए हीरों का आक्रामक खेल इस बार जेएफसी के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है।
     

    एसए फुटबाल लीग के स्थगित मैचों की नई तिथि जारी

    जमशेदपुर स्पोर्टिंग एसोसिएशन (जेएसए) ने स्थगित फुटबाल मैचों के लिए नई तारीखों की घोषणा कर दी है। सहायक सचिव रोहित कुमार सिंह द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, पूर्व में स्थगित किए गए ग्रुप-बी के मैच अब 20 जुलाई से आर्मरी ग्राउंड में खेले जाएंगे। 
     
    लीग का समय और प्रतिद्वंद्वी टीमें वही रहेंगी जो मूल फिक्स्चर में निर्धारित की गई थीं। संशोधित कार्यक्रम के तहत 20 जुलाई को आदिवासी रितुई गोंडोई क्लब बनाम अरुणा समिति क्लब, 21 जुलाई को यूनाइटेड फुटबाल क्लब बनाम अंबेडकर फुटबाल क्लब के साथ जोरदार टक्‍कर होगी। 
     
    23 जुलाई को आदिवासी रितुई गोंडोई क्लब बनाम विकास समिति और 24 जुलाई को अरुणा समिति क्लब बनाम सिदो कान्हू मेमोरियल क्लब के बीच भिड़ंत होगी। सभी मैच दोपहर 3:30 बजे से शुरू होंगे।