Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमांशु हत्याकांड: फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को छह एसआईटी गठित, नए SSP ने संभाला मोर्चा

    Updated: Thu, 02 Jul 2026 01:18 AM (GMT+05:30)

    जमशेदपुर में करणी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद पुलिस ने छह विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किए हैं। मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल पर दो लाख रुपये क ...और पढ़ें

    हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए छह SIT गठित।

    हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए छह SIT गठित।

    HighLights

    1. करणी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड में छह एसआईटी गठित।

    2. मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल पर दो लाख रुपये का इनाम।

    3. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, अन्य फरार।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बिष्टुपुर के डीडी बार के बाहर करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की नृशंस हत्या के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। फरार हत्यारों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है और छह विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन किया गया है।

    इन टीमों का नेतृत्व सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, सीसीआर डीएसपी और दो मुख्यालय डीएसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी कर रहे हैं। बुधवार रात एडीजी के साथ हुई आला अधिकारियों की मैराथन बैठक के बाद आरोपितों की धरपकड़ का अभियान बेहद तेज कर दिया गया है।

    एडीजी ने दिए सख्त निर्देश

    बुधवार रात नौ से 11 बजे तक चली उच्च स्तरीय बैठक में कोल्हान डीआइजी अनुरंजन किस्पोट्टा, नवनियुक्त वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एहतेशाम वकारिब, सरायकेला-खरसावां के नए एसपी, सभी डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

    गुरुवार को पदभार संभालने वाले नए एसएसपी एहतेशाम वकारिब को शहर की वर्तमान स्थिति और चुनौतियों से अवगत कराया गया। एडीजी ने डीडी बार में विवाद की शुरुआत से लेकर हत्या तक के एक-एक घटनाक्रम की बारीकी से समीक्षा की।

    WhatsApp Image 2026-07-02 at 00.48.01

    उन्होंने निर्देश दिया कि कोर्ट से तुरंत वारंट लेकर गिरफ्तारी का दबाव बनाया जाए। जांच पूरी तरह वैज्ञानिक और साक्ष्य आधारित हो, ताकि अदालत से अपराधियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।

    मुख्य आरोपित पर दो लाख का इनाम

    एडीजी ने दो टूक कहा कि अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर लगातार औचक छापेमारी हो। शहर में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ साफ दिखना चाहिए। इसी कड़ी में पुलिस ने मुख्य फरार आरोपित विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा पर दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है।

    खबरें और भी

    मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि अन्य फरार हत्यारों की तलाश में छह एसआइटी लगातार दबिश दे रही है। ज्ञात हो कि जन-आक्रोश के बाद तत्कालीन एसएसपी पीयूष पांडेय को हटा दिया गया है और प्रशासन डीडी बार को सील कर चुका है।

    जमशेदपुर बंद को लेकर पुलिस अलर्ट पर

    भाजपा द्वारा शुक्रवार को प्रस्तावित जमशेदपुर बंद के मद्देनजर एडीजी ने सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए मानगो और आदित्यपुर समेत कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर गश्त बढ़ा दी गई है।

    अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले उपद्रवियों से पूरी सख्ती से निपटा जाए और किसी भी अप्रिय स्थिति पर तुरंत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित हो।

    यह भी पढ़ें- हिमांशु हत्याकांड: भाजपा नेता नीरज सिंह के आवास पर लगातार दूसरे दिन रेड, 3 थानों की पुलिस ने खंगाला घर