Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पुलिस के सामने मारा गया मेरा इकलौता बेटा- हिमांशु सिंह मर्डर केस में पिता अरविंद सिंह ने की CBI जांच की मांग

    Updated: Sun, 05 Jul 2026 12:54 AM (IST)

    जमशेदपुर के बिष्टुपुर में हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और मुख्य आरोपी की तलाश में तीन राज्यों में छापेमारी ...और पढ़ें

    हिमांशु की प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

    हिमांशु की प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

    HighLights

    1. हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया।

    2. मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल पर लुकआउट नोटिस की तैयारी जारी है।

    3. मृतक के पिता ने पुलिस जांच पर अविश्वास जताते हुए CBI जांच मांगी।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार (DD Bar) के सामने आदित्यपुर निवासी हिमांशु सिंह की निर्मम हत्या और प्रत्युष आनंद पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिसिया कार्रवाई तेज हो गई है। 
     
    अपराधियों को दबोचने के लिए पुलिस ने घाटशिला क्षेत्र में विशेष छापेमारी कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। हालांकि, पुलिस ने आधिकारिक तौर पर अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
     

    3 राज्यों में रेड, मुख्य आरोपी पर लुकआउट नोटिस की तैयारी 

    पकड़े गए संदिग्धों से घटना में उनकी संलिप्तता को लेकर कड़ी पूछताछ जारी है। मामले का मुख्य आरोपी गम्हरिया निवासी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा (2 लाख रुपये का इनामी अपराधी) और उसका खास सहयोगी सोनारी निवासी राहुल दुबे अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। 
     
    सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि दोनों की तलाश में झारखंड के अलावा पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। 
     
    फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए 6 विशेष जांच दल (SIT) गठित किए गए हैं। इसके साथ ही, पुलिस मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की कानूनी प्रक्रिया भी पूरी कर रही है ताकि वह देश छोड़कर भाग न सके। 
     

    रिमांड पर आए आरोपियों का खुलासा

    पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विश्वनाथ अवैध शराब के सिंडिकेट से भी जुड़ा रहा है। केस में पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपी सोनू राम सरदार और राज लोहार से पूछताछ पूरी होने के बाद शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दोबारा जेल भेज दिया गया।

    रिमांड के दौरान पुलिस ने दोनों के बयानों का क्रॉस वेरिफिकेशन किया और घटनास्थल से बरामद कुल्हाड़ी समेत अन्य साक्ष्यों का मिलान किया।

    पुलिस की प्रारंभिक जांच के संकेत बताते हैं कि यह वारदात किसी पुरानी रंजिश या दुश्मनी का नतीजा नहीं थी, बल्कि मौके पर ही किसी बात को लेकर अचानक हुए विवाद के बाद अपराधियों ने इस खूनी खेल को अंजाम दिया। 

     

    पीड़ित पिता ने कहा- जांच पर भरोसा नहीं, जाएंगे CBI के पास 

    दूसरी तरफ, इकलौते बेटे को खोने वाले पिता अरविंद सिंह का गुस्सा और दर्द फूट पड़ा है। उन्होंने इस पूरे हत्याकांड की सीबीआई (CBI) जांच की मांग उठाई है। 
     
    अरविंद सिंह ने आरोप लगाया कि उनका बेटा पुलिस की मौजूदगी में मारा गया, इसलिए उन्हें स्थानीय पुलिस की जांच पर पूरा भरोसा नहीं है।
     
    न्याय की मांग को लेकर वे जल्द ही झारखंड हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) दायर करेंगे, ताकि इस हाई-प्रोफाइल मामले की कमान सीबीआई को सौंपी जा सके।

    यह भी पढ़ें- 'पुलिसवालों पर दर्ज हो मर्डर केस', हिमांशु सिंह हत्याकांड पर BJP का हल्लाबोल, झारखंड बंद करने की चेतावनी

    यह भी पढ़ें- हिमांशु मर्डर केस: बार के CCTV फुटेज में मिले कई संदिग्ध चेहरे, राहुल दुबे की तलाश

    यह भी पढ़ें- नियमों की धज्जियां उड़ाकर देर रात तक बज रहा था डीजे; हिमांशु हत्याकांड के बाद 'DD बार' का NOC रद

    खबरें और भी