Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मां बीमार, बेटे की फीस के लिए आते रहे फोन... और 4 महीने से नहीं मिली सैलरी; तंग आकर महिला होमगार्ड ने पी ली फिनाइल

    Updated: Thu, 09 Jul 2026 01:52 PM (IST)

    जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी पर तैनात एक महिला होमगार्ड ने चार महीने से वेतन न मिलने के कारण फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। ...और पढ़ें

    एमजीएम में भर्ती महिला जवान

    एमजीएम में भर्ती महिला जवान

    HighLights

    1. एमजीएम कॉलेज में महिला होमगार्ड ने फिनाइल पी।

    2. चार महीने से वेतन न मिलने से थी आर्थिक तंगी।

    3. प्राचार्य ने दी आर्थिक मदद, वेतन भुगतान का आश्वासन।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कालेज में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक महिला होमगार्ड जवान ने फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया।

    घटना की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद साथी जवान तत्काल सक्रिय हुए और महिला जवान को एमजीएम अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया। समय पर इलाज मिलने से उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। जवान अलादीन महाली कालेज परिसर में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थीं।

    कॉलेज में साफ-सफाई के लिए रखी गई फिनाइल उन्होंने अचानक पी ली। इसके कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं। यह देखकर अन्य होमगार्ड जवानों ने बिना देर किए उन्हें इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया।

    आर्थिक तंगी ने तोड़ दिया हौसला

    इलाज के दौरान महिला जवान ने बताया कि पिछले चार महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला है। लगातार वेतन नहीं मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। उन्होंने बताया कि उनकी मां बीमार हैं और इलाज के लिए पैसे नहीं हैं।

    वहीं, बेटे की स्कूल फीस भी जमा नहीं हो सकी है, जिसके लिए स्कूल से लगातार फोन आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक परेशानियां इतनी बढ़ गई थीं कि उन्हें कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था।

    प्राचार्य ने दी आर्थिक मदद, वेतन जल्द मिलने का भरोसा

    घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम कालेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार इमरजेंसी विभाग पहुंचे और महिला जवान का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि यदि इतनी परेशानी थी तो उन्हें पहले जानकारी देनी चाहिए थी, ताकि किसी स्तर पर मदद की जा सकती।

    खबरें और भी

    प्राचार्य ने अपने स्तर से महिला जवान को तत्काल आर्थिक सहायता भी प्रदान की। साथ ही भरोसा दिलाया कि विभाग से आवंटन मिलते ही लंबित वेतन का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि वेतन मद में राशि उपलब्ध कराने के लिए विभाग को पहले ही पत्र भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक आवंटन प्राप्त नहीं हुआ है।

    135 होमगार्ड जवान चार महीने से कर रहे वेतन का इंतजार

    एमजीएम कालेज और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में कुल 135 होमगार्ड जवान तैनात हैं। इन सभी को पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला है। ऐसे में अधिकांश जवान आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- पलामू में 20 वर्षीय युवती ने तनाव में खाया जहर, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत; कुछ महीने पहले हुआ था तलाक

    यह भी पढ़ें- दुमका के सरैयाहाट में एसीबी का बड़ा एक्शन, अंचल के प्रधान लिपिक 5000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार