'इतना चापड़ मारेंगे कि...' रील बनाकर पुलिस को चुनौती देना पड़ा भारी, परसुडीह में हिरासत में लिए गए 13 युवक
जमशेदपुर के परसुडीह में एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 13 युवकों को हिरासत में लिया है। ...और पढ़ें
-1784413217635_m.webp)
इंटरनेट पर वीडियो किया वायरल। (जागरण)
HighLights
परसुडीह में आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने पर पुलिस सक्रिय।
वीडियो में धमकी भरे अंदाज में चापड़बाजी की बात।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर 13 युवकों को हिरासत में लिया।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। शहर में चापड़बाजी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
इसी बीच परसुडीह थाना क्षेत्र के कुछ युवकों का एक आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 13 युवकों को हिरासत में लिया है।
वायरल वीडियो में युवकों की टोली धमकी भरे अंदाज में कहती सुनाई दे रही है, 'नदी-नाला जाना, वहां मिलेगा नौ का पाना, लेकिन परसुडीह में इतना चापड़ मारेंगे कि नहीं पकड़ेगा कोई थाना। वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और परसुडीह थाना की टीम तत्काल सक्रिय हो गई।
पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे रवि पात्रो समेत कुल 13 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सभी युवक कीताडीह मनसा मंदिर और उसके आसपास के इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बाद में डिलीट किया गया वीडियो
वीडियो में काफी संख्या में युवक दिख रहे है। बाद में युवकों ने जिस आईडी से वीडियो को वायरल किया था उसे डिलिट कर दिया।
हालांकि, पुलिस की तलाशी के दौरान आरोपित युवकों के पास से कोई चापड़ या अन्य हथियार बरामद नहीं हुआ है। परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
युवकों से पूछताछ जारी है और वायरल वीडियो की सत्यता, उसके उद्देश्य तथा उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि शहर में चापड़बाजी की घटनाएं लगातार हो रही है जिससे हर कोई परेशान है।
यह भी पढ़ें- जमशेदपुर क्राइम : रंगदारी, दंगा और दुष्कर्म का आरोपित दिनकर कच्छप गिरफ्तार, 6 सालों से कई थानों में था वांटेड