Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    एक युवती, दो आशिक और 6 महीने की अदावत; जमशेदपुर में 15 हमलावरों ने घेरकर राहुल बच्चा को चापड़ से काटा

    Updated: Wed, 08 Jul 2026 11:23 PM (GMT+05:30)

    जमशेदपुर के मानगो में बुधवार शाम राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की 10-15 हमलावरों ने प्रेम-प्रसंग और पुरानी रंजिश के चलते गोली मारकर व धारदार हथियारों से ...और पढ़ें

    मानगो में अपराधी राहुल बच्‍चा पर जानलेवा हमला होने के बाद घटनास्‍थल पर पहुंचे सिटी एसपी ललित मीणा।

    मानगो में अपराधी राहुल बच्‍चा पर जानलेवा हमला होने के बाद घटनास्‍थल पर पहुंचे सिटी एसपी ललित मीणा।

    HighLights

    1. मानगो में राहुल बच्चा की गोली मारकर, चापड़ से हत्या।

    2. साहेब सिंह उर्फ सब्बे मुख्य आरोपी, पुलिस की छापेमारी जारी।

    जासं, जमशेदपुर। झारखंड के लौहनगरी में लगातार चल रहे पुलिस के हाई-अलर्ट एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दावों के बीच बुधवार की देर शाम मानगो इलाके में हुई सनसनीखेज हत्या ने पूरे जमशेदपुर को दहला दिया है। 
     
    ताबड़तोड़ गोलियों की तड़तड़ाहट और धारदार हथियारों के खुले प्रदर्शन से पूरा क्षेत्र थर्रा उठा। प्रेम-प्रसंग और पुरानी रंजिश के चलते मानगो गुरुद्वारा रोड निवासी कुख्यात अपराधी राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की मुंशी मोहल्ला पोस्ट ऑफिस रोड स्थित मैदान के पास घेरकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
     
    हमलावरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए राहुल के सिर में पांच से अधिक गोलियां दाग दीं। इसके बाद भी जब उनका मन नहीं भरा, तो उन्होंने धारदार हथियार चापड़ और ईंट-पत्थरों से उस पर तब तक ताबड़तोड़ प्रहार किए, जब तक कि वह बेसुध होकर गिर नहीं गया। 
     
    गंभीर रूप से लहुलूहान राहुल को तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

    अस्पताल में युवती को देख भड़के लोग, भारी हंगामा 

    राहुल सिंह की मौत की खबर फैलते ही टीएमएच परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। इस बीच अस्पताल में वह युवती भी पहुंची, जिसे इस पूरे विवाद की मुख्य वजह माना जा रहा है। 
     
    युवती को देखते ही वहां मौजूद मृतक के समर्थक और स्थानीय लोग बुरी तरह आक्रोशित हो गए। माहौल बिगड़ता देख लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और युवती को वहां से भागने पर मजबूर होना पड़ा। 
     
    अस्पताल परिसर में संभावित तनाव को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। बताया जाता है कि मृतक की मां और बहन धनबाद में रहती हैं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। 

    10 से 15 हमलावरों ने मिलकर बुना था मौत का जाल

    प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार की शाम राहुल सिंह अपने कुछ साथियों के साथ मुंशी मोहल्ला मैदान के पास पहुंचा था। वह अभी वहां खड़ा ही था कि पहले से घात लगाकर बैठे 10 से 15 हथियारबंद हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। 
     
    अचानक हुए इस सुनियोजित हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों के हाथ में कट्टा और धारदार हथियार देख राहुल के साथी उसे अकेला छोड़कर मौके से दुम दबाकर भाग निकले। 

    त्रिकोणीय प्रेम-प्रसंग और छह महीने पुरानी दुश्मनी बनी वजह

    पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इस खूनी संघर्ष की जड़ में एक त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग है। राहुल सिंह और ओलीडीह ओपी क्षेत्र के रहने वाले साहेब सिंह उर्फ सब्बे के बीच मानगो पोस्ट ऑफिस रोड की एक युवती को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। 
     
    दोनों एक ही युवती के संपर्क में थे, जिसके कारण उनके बीच आपसी तनाव चरम पर था। दिलचस्प बात यह है कि जिस युवती को लेकर यह खूनी खेल हुआ, वह इन दोनों से पहले किसी तीसरे युवक की प्रेमिका थी। 
     
    करीब छह महीने पहले भी इसी बात को लेकर राहुल बच्चा ने सब्बे पर सरेआम पिस्तौल तान दी थी, लेकिन उस समय स्थानीय हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था। 
     
    पुलिस का मानना है कि उसी खुन्‍नस का बदला लेने के लिए इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। इत्तेफाक से घटना का स्थल उस युवती के घर से महज कुछ ही दूरी पर है। 

    सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी टीमें

    वारदात की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस और बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी दलबल के साथ घटनास्थल और टीएमएच पहुंचे। पुलिस ने वारदात वाली जगह की घेराबंदी कर फोरेंसिक जांच कराई है और साक्ष्य जुटाए हैं।

    पुलिस को इस हत्याकांड में कुख्यात अपराधी गोले के भांजे साहेब सिंह उर्फ सब्बे की मुख्य संलिप्तता के ठोस संकेत मिले हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मुख्य आरोपित समेत अन्य हमलावरों की पहचान की जा रही है और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है। 

    मर्डर केस: एक नजर में

    मुख्य बिंदु विवरण
    मृतक का नाम राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा (निवासी: गुरुद्वारा रोड, मानगो)
    घटनास्थल मुंशी मोहल्ला, पोस्ट ऑफिस रोड स्थित मैदान, मानगो
    हमलावरों की संख्या 10 से 15 अज्ञात और नामजद अपराधी
    हमले का तरीका पहले धारदार चापड़ व ईंटों से वार, फिर सिर में 5+ गोलियां दागीं
    हत्या की वजह त्रिकोणीय प्रेम-प्रसंग और 6 माह पुरानी रंजिश
    मुख्य नामजद आरोपित साहेब सिंह उर्फ सब्बे (गोले का भांंजा)
    करंट स्टेटस पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण और छापेमारी जारी

    पुलिस जांच के मुख्य 5 बिंदु

    • एंगल 1: प्रेम-प्रसंग और पुरानी रंजिश में शामिल अन्य चेहरों का पता लगाना।
    • एंगल 2: वारदात के वक्त राहुल को अकेला छोड़कर भागने वाले उसके साथियों से पूछताछ।
    • एंगल 3: घटनास्थल के आसपास और भागने वाले रास्तों के सीसीटीवी कैमरों का तकनीकी विश्लेषण।
    • एंगल 4: हत्या में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार (पिस्तौल व चापड़) की बरामदगी।
    • एंगल 5: मुख्य आरोपित साहेब सिंह उर्फ सब्बे के पूरे आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करना। 

    यह भी पढ़ें- हिमांशु हत्याकांड में एसआईटी का बड़ा एक्शन, बार मैनेजर समेत चार और गिरफ्तार