जमशेदपुर से फिर छीना हवाई सफर का सपना: 31 अगस्त के बाद सोनारी एयरपोर्ट से उड़ानें पूरी तरह बंद
जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से 31 अगस्त के बाद सभी नियमित यात्री उड़ानें बंद हो जाएंगी, जिससे शहर हवाई सेवा से पूरी तरह वंचित हो जाएगा। ...और पढ़ें

HighLights
सोनारी एयरपोर्ट से 31 अगस्त के बाद उड़ानें बंद होंगी।
इंडिया वन एयर ने वित्तीय सहयोग के अभाव में सेवा रोकी।
छोटे विमानों का संचालन बिना सब्सिडी आर्थिक रूप से असंभव।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। झारखंड की औद्योगिक नगरी जमशेदपुर एक बार फिर नियमित हवाई सेवा से पूरी तरह वंचित होने जा रही है। सोनारी एयरपोर्ट से संचालित होने वाली जमशेदपुर-भुवनेश्वर विमान सेवा 31 अगस्त को अपनी अंतिम उड़ान भरेगी।
विमानन कंपनी 'इंडिया वन एयर' ने इस मार्ग पर ऑनलाइन टिकट बुकिंग की प्रक्रिया पूरी तरह बंद कर दी है। इससे पहले मई माह में जमशेदपुर-कोलकाता उड़ान सेवा भी बंद हो चुकी है।
ऐसे में 31 अगस्त के बाद सोनारी हवाई अड्डे से किसी भी नियमित यात्री विमान का संचालन नहीं होगा। इसकी जानकारी इंडिया वन एयर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) प्रेम कुमार गर्ग ने दी।
उन्होंने बताया कि नौ-सीटर छोटे विमानों का संचालन बिना सरकारी वित्तीय सहयोग के आर्थिक रूप से संभव नहीं है। केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस-उड़ान) के तहत सब्सिडी केवल एक सीमित अवधि तक दी जाती है।
इस अवधि के समाप्त होने के बाद यदि संबंधित राज्य सरकार वित्तीय सहायता प्रदान न करे, तो सेवा को जारी रखना भारी घाटे का सौदा साबित होता है।
इंडिया वन एयर के आंकड़ों के अनुसार, सोनारी एयरपोर्ट से 31 जनवरी 2023 को नौ-सीटर विमान सेवा की शुरुआत की गई थी।
कंपनी ने पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान जमशेदपुर-कोलकाता और जमशेदपुर-भुवनेश्वर मार्गों पर 4,000 से अधिक टेकऑफ और लैंडिंग सफलतापूर्वक पूरी की हैं।
लागत का गणित समझाते हुए गर्ग ने बताया कि नौ-सीटर विमान में प्रति सीट संचालन लागत 10,000 से 12,000 रुपये तक आती है।
सरकारी सहायता और सब्सिडी के कारण ही यात्रियों को यह टिकट मात्र 3,000 रुपये के आसपास उपलब्ध कराया जा रहा था।
इसके विपरीत, बड़े विमानों में प्रति सीट संचालन लागत काफी कम होती है, जिससे उनका सामान्य किराया 5,000 से 7,000 रुपये के बीच रहता है।
गर्ग ने अन्य राज्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि ओडिशा सरकार के सक्रिय सहयोग से वहां कई क्षेत्रीय रूट सफलतापूर्वक चलाए जा रहे हैं और जल्द ही मलकानगिरी के लिए भी ट्रायल फ्लाइट शुरू होगी।
वहीं केंद्र सरकार ने उड़ान 6.0 योजना के अंतर्गत अगले दस वर्षों के लिए 28,000 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। जमशेदपुर जैसे प्रमुख व्यापारिक केंद्र के लिए कोलकाता और भुवनेश्वर जैसे शहरों के लिए हवाई संपर्क बेहद आवश्यक है।
स्थानीय उद्योगपति और व्यापारी वर्ग लगातार इस सेवा को बनाए रखने की मांग कर रहे हैं। सीईओ ने कहा कि यदि भविष्य में राज्य सरकार का सहयोग मिलता है, तो जमशेदपुर से उड़ानें दोबारा शुरू की जा सकती हैं।
हालांकि एक बार बंद हो चुकी सेवा को पुनर्प्रारंभ करना चुनौतीपूर्ण होता है। वर्तमान में इंडिया वन एयर देश के 14 रूटों पर अपनी विमान सेवाएं दे रही है।