जमशेदपुर में बाइक का हॉर्न बजाने पर दो युवकों पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार से वार कर किया जख्मी
जमशेदपुर के बिष्टुपुर में रामदास भट्ठा धोबी घाट के पास बाइक सवार दो युवकों पर अड्डेबाजी कर रहे युवकों ने चापड़ और धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया। ...और पढ़ें

हमले में घायल युवक

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के रामदास भट्ठा धोबी घाट के पास शनिवार देर रात अड्डेबाजी कर रहे युवकों ने बाइक सवार दो युवकों पर चापड़ और अन्य धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया।
घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, हालांकि किसी तरह उन्होंने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायलों की पहचान शौकी सिंह और उनके मित्र साहिल वर्मा के रूप में हुई है। शौकी सिंह ने बताया कि वे अपने मित्र के साथ धोबी घाट की ओर से गुजर रहे थे, जहां कुछ युवक पहले से अड्डेबाजी कर रहे थे और नशे की हालत में थे।
रास्ता खाली करने के लिए उन्होंने बाइक का हॉर्न बजाया, लेकिन युवक नहीं हटे। इसके बाद किसी तरह वहां से निकलने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हमलावरों ने चापड़ और अन्य हथियारों से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावर बाहरी हैं और वहां ब्यूटी पार्लर संचालित करते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
भीड़ जुटती देख हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में लग्जरी कार में गो-तस्करी! कपाली पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ी XUV, चार मवेशी मुक्त