बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन से झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट, कोल्हान में बदलेगा मौसम
बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन अब झारखंड के दक्षिणी हिस्सों को प्रभावित कर रहा है, जिससे जमशेदपुर समेत कोल्हान में मौसम बदल गया है।

बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन से झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट, कोल्हान में बदलेगा मौसम (PTI)
HighLights
बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन बना, झारखंड प्रभावित।
जमशेदपुर सहित कोल्हान में तेज हवा, बारिश हुई।
24 सितंबर को झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बंगाल की खाड़ी में बना मौसम सिस्टम अब डीप डिप्रेशन में बदल गया है। इसका असर झारखंड के दक्षिणी हिस्सों में दिखने लगा है। मंगलवार को जमशेदपुर समेत कोल्हान के कई इलाकों में अचानक मौसम बदला। तेज हवा के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहाना हो गया।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बना डिप्रेशन मंगलवार शाम तक डीप डिप्रेशन में बदल गया। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इसके 23 सितंबर की रात तक उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट के बीच डीप डिप्रेशन के रूप में पहुंचने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से झारखंड में 23 से 26 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है।
खासकर दक्षिणी झारखंड के जिलों में इसका असर अधिक देखने को मिल सकता है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा की स्थिति बन सकती है।
जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदला रहने की संभावना है। मंगलवार को हुई बारिश को इसी सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
24 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 24 सितंबर को झारखंड के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके बाद 25 और 26 सितंबर को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। दक्षिणी झारखंड में विशेष सतर्कता की जरूरत बताई गई है।
निचले इलाकों में विशेष सावधानी
तेज बारिश के दौरान जमशेदपुर के निचले इलाकों और जलभराव वाली सड़कों पर परेशानी बढ़ सकती है। लोगों को तेज हवा के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
कोल्हान के ग्रामीण इलाकों में किसानों को भी तेज हवा और बारिश को देखते हुए खेतों में खड़ी फसलों की सुरक्षा पर ध्यान देने की जरूरत है। फिलहाल, मौसम विभाग की चेतावनी डीप डिप्रेशन के प्रभाव से होने वाली बारिश और तेज हवा को लेकर है।
