यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 04, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Weather: मौसम का बदला मिजाज, दिन में छाया अंधेरा और फिर गर्जन के साथ हुई वर्षा; आने वाले दिनों में ऐसा रहेगा हाल
Jharkhand Weather Today झारखंड का मौसम अलग ही मूड में है। शनिवार को सुबह से ही शहर में बादल छाए रहे। वहीं दोपहर के बाद झमझम बदरा बरसे। इसके उलट मौसम व ...और पढ़ें

HighLights
- आज भी वर्षा होने की संभावना
- अगले दो दिन छाए रहेगा कोहरा
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदला है। शनिवार को सुबह से ही शहर में बादल छाए रहे। वहीं, दोपहर बाद लगभग तीन बजे के आस-पास कोल्हान प्रमंडल (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम व सकायकेला-खरसावां) में तेज हवा, गर्जन के साथ हल्की बारिश भी हुई।
सबसे अधिक वर्षा घाटशिला में हुई। इससे जगह-जगह पर पानी का जमाव हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, चार नवंबर यानी शनिवार को भी राज्य के दक्षिण (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा तथा सरायकेला-खरसावां) व पूर्वी (देवघर, धनबाद, दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ तथा साहेबगंज) भागों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्के दर्जे की वर्षा होने की संभावना है।
पांच नवंबर से छाएगा कोहरा व धुंध
मौसम विभाग के अनुसार, पांच नवंबर से राज्य के विभिन्न जिलों में सुबह में कोहरा या धुंध देखने को मिलेगी। हालांकि, दिन ढलते ही मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन इस दौरान अस्थमा व एलर्जी से संबंधित मरीजों को विशेष रूप से सतर्क व सावधान होने की जरूरत है।
इस मौसम में सबसे अधिक एलर्जी व अस्थमा के मरीजों की परेशानी बढ़ जाती है। जमशेदपुर का मौसम बदलने से इस तरह के मरीजों में इजाफा हुई है। छह नवंबर को भी कोहरा या धुंध देखने को मिलेगा।
सात नवंबर से मौसम होगा साफ
मौसम विभाग के अनुसार, अभी मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। ऐसे में लोगों को सावधान होने की जरूरत है। इस मौसम में सर्दी-खांसी, वायरल बुखार सहित अन्य संबंधित मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। सात नवंबर से आसमान मुख्यत: साफ तथा मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, आठ व नौ नवंबर को भी इसी तरह का मौसम देखने को मिलेगा। उसके बाद फिर कुछ बदलाव देखने को मिलेगा।
खबरें और भी
बीते 24 घंटे में राज्य में कैसा रहा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में राज्य में कहीं-कहीं पर हल्के दर्जे की वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षा 11.2 एमएम गुमला के रायडीह में दर्ज किया गया। इसके अलावा नामकुम रांची में 1.2 एमएम, हजारीबाग में 1.0 एमएम व रांची में 0.5 एमएम वर्षा दर्ज की गई है।
सबसे अधिक उच्चतम तापमान चाईबासा में 33.8 डिग्री सेल्सियस व सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रामगढ़ में दर्ज किया गया। शुक्रवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।