Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पोटका में अनियंत्रित बोलेरो पलटी, चार मवेशियों की मौत; आदित्यपुर में सड़क हादसे में युवक की गई जान

    Updated: Sun, 17 May 2026 09:54 PM (IST)

    कोल्हान क्षेत्र में शनिवार देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई और चार मवेशी मारे गए। पोटका में अनियंत्रित बोलेरो की टक्कर से मवेशि ...और पढ़ें

    तेज गति से दौड़ रहे वाहन की चपेट में आने से मवेशियों की मौत हो गई।

    तेज गति से दौड़ रहे वाहन की चपेट में आने से मवेशियों की मौत हो गई।

    HighLights

    1. आदित्यपुर में बाइक सवार युवक की मौत हुई।

    2. दोनों हादसों में तेज रफ्तार मुख्य कारण रही।

    जागरण टीम, गम्‍हरिया/पोटका। कोल्हान क्षेत्र में तेज रफ्तार के कारण शनिवार देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए हैं। इन हादसों में टाटा-कांड्रा मार्ग पर एक 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, वहीं हाता-टाटा मार्ग पर अनियंत्रित बोलेरो की चपेट में आने से चार मवेशियों की जान चली गई। 
     

    पहली घटना: पावरु के पास बोलेरो का कहर 

    हाता-टाटा मुख्य मार्ग पर पोटका थाना क्षेत्र के पावरु के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क पार कर रहे मवेशियों के झुंड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार मवेशियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। 
     
    वहीं एक अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल है। टक्कर मारने के बाद बोलेरो भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हालांकि, गनीमत रही कि वाहन में सवार पाँचों लोग बाल-बाल बच गए। 
     

    मुआवजे के लिए हंगामा  

    घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हाता-टाटा मार्ग को कुछ देर के लिए जाम कर दिया। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। 
     
    सूचना मिलते ही पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया और जेसीबी की मदद से मृत मवेशियों को रास्ते से हटाकर यातायात सामान्य कराया। 
     

    दूसरी घटना: टाटा-कांड्रा मार्ग पर खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक 

    आदित्यपुर थाना अंतर्गत टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर बीएसएनएल (BSNL) कार्यालय के समीप शनिवार की देर रात घटना हुई। यहां सड़क किनारे खड़े एक खराब (ब्रेकडाउन) ट्रेलर से एक तेज रफ्तार बाइक जा टकराई।

    मृतक की पहचान 28 वर्षीय रोहित कुमार पाठक के रूप में हुई है। रोहित देर रात अपनी बाइक से गम्हरिया की ओर जा रहा था, तभी वह अंधेरे में खड़े ट्रेलर का अंदाजा नहीं लगा पाया। 
     
    टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और रोहित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद वह काफी देर तक तड़पता रहा, जिससे उसकी स्थिति और बिगड़ गई। 
     

    परिजनों में कोहराम 

     
     
    राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने घायल रोहित को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 
     
    पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों ही घटनाएं दर्शाती हैं कि मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार और सड़क किनारे बिना इंडिकेटर के खड़े भारी वाहन आम लोगों के लिए कितने जानलेवा साबित हो रहे हैं।