जमशेदपुर में चापड़बाजों का आतंक, देर रात घर लौट रहे युवक पर ताबड़तोड़ हमला; दोनों हाथ जख्मी कर पर्स लूटा
जमशेदपुर के टेल्को में देर रात घर लौट रहे अशीम बनर्जी पर तीन बाइक सवार अपराधियों ने चापड़ से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उनका पर्स लूट लिया। ...और पढ़ें

दोनों हाथ जख्मी कर पर्स लूटा
HighLights
टेल्को में अशीम बनर्जी पर चापड़ से हमला।
तीन बाइक सवार अपराधियों ने पर्स लूटा, हाथ जख्मी।
टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती, कानून-व्यवस्था पर सवाल।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। शहर में लगातार बढ़ रही चापड़बाजी की घटनाओं के बीच बुधवार देर रात टेल्को थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक और दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बिरसानगर जोन नंबर-1 बी निवासी अशीम बनर्जी पर तीन बाइक सवार अपराधियों ने चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद अपराधी उनका पर्स लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, असीम बनर्जी बुधवार देर रात मानगो से बाइक से अपने घर बिरसानगर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे तार कंपनी रोड पर पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली।
विरोध करने पर अपराधियों ने चापड़ से लगातार कई वार किए। जान बचाने के लिए अशीम ने दोनों हाथों से वार रोकने का प्रयास किया, जिससे उनके दोनों हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
दोनों हाथों की नसें और मांसपेशियां गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार, उनके दोनों हाथों की नसें और मांसपेशियां गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं तथा उन्हें प्लास्टिक सर्जरी की आवश्यकता पड़ सकती है।
शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े
घटना ऐसे समय हुई है, जब जिले में नए वरीय पुलिस अधीक्षक ने हाल ही में पदभार संभाला है। इसके बावजूद चापड़बाजी की लगातार हो रही घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने
मामला दर्ज कर लिया है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।