राष्ट्रीय ग्रीन यूनिवर्सिटी रैंकिंग में NIT जमशेदपुर का परचम, गोल्ड रेटिंग के साथ देश में 28वां स्थान
एनआईटी जमशेदपुर ने राष्ट्रीय ग्रीन यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में 90.5% अंकों के साथ गोल्ड रेटिंग हासिल की है। संस्थान ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास ...और पढ़ें

राष्ट्रीय ग्रीन यूनिवर्सिटी रैंकिंग में NIT जमशेदपुर का परचम, गोल्ड रेटिंग के साथ देशभर में 28वां स्थान
HighLights
एनआईटी जमशेदपुर को राष्ट्रीय ग्रीन यूनिवर्सिटी रैंकिंग में गोल्ड रेटिंग।
संस्थान ने देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों में 28वां स्थान प्राप्त किया।
पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम करते हुए राष्ट्रीय ग्रीन यूनिवर्सिटी रैंकिंग (एनजीयूआर) 2026 के प्रथम संस्करण में 90.5 प्रतिशत अंक (100 में से) प्राप्त कर गोल्ड रेटिंग हासिल की है।
साथ ही संस्थान ने देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों में 28वां स्थान प्राप्त कर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट प्रतिबद्धता का परिचय दिया है।
नेशनल ग्रीन यूनिवर्सिटी रैंकिंग (एनजीयूआर), वैश्विक स्थिरता संगठन ग्रीन मेंटर्स की एक प्रमुख पहल है, जिसे संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक परिषद से स्पेशल कंसल्टेटिव स्टेटस प्राप्त है।
यह रैंकिंग राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020, संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य तथा यूनेस्को के ग्रीनिंग हायर एजुकेशन फ्रेमवर्क के अनुरूप विकसित एक साक्ष्य-आधारित मूल्यांकन प्रणाली है।
दस प्रमुख मानको के बाद खरा उतरने पर मिलता है अवॉर्ड
इस रैंकिंग के अंतर्गत संस्थानों का मूल्यांकन दस प्रमुख मानकों—सुशासन एवं नेतृत्व, जैव विविधता संरक्षण, कार्बन एवं जलवायु कार्रवाई, हरित अवसंरचना एवं ऊर्जा दक्षता, स्थिरता आधारित अनुसंधान एवं नवाचार, पाठ्यक्रम एवं शिक्षण, जल संरक्षण, सतत परिवहन, अपशिष्ट प्रबंधन एवं परिपत्र अर्थव्यवस्था तथा सामुदायिक सहभागिता एवं जन-जागरूकता के आधार पर किया जाता है।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में नेशनल ग्रीन यूनिवर्सिटी रैंकिंग कमेटी–2026 एवं स्वच्छता ही सेवा के नोडल अधिकारी डॉ. नवीन कुमार वेलदुर्थी ने अपनी टीम के साथ संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार को एनजीयूआर 2026 गोल्ड रेटिंग प्रमाण-पत्र भेंट किया। इस अवसर पर कुलसचिव (प्रभारी) प्रो. सरोज कुमार सारंगी भी उपस्थित रहे।
ऐसे मिला एनआईटी जमशेदपुर को यह अवॉर्ड
संस्थान द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग, वेस्ट-टू-वेल्थ परियोजनाओं, प्लास्टिक पुनर्चक्रण अभियान, परिपत्र अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने वाली पहल, जैव विविधता संरक्षण, जल संरक्षण, हरित परिसर संचालन, जलवायु जागरूकता कार्यक्रम, सतत विकास आधारित अनुसंधान तथा सामुदायिक सहभागिता जैसी अनेक उल्लेखनीय गतिविधियों को प्रमुखता से शामिल किया गया।
खबरें और भी
एनजीयूआर-2026 में संस्थान की सफल भागीदारी का समन्वय स्वच्छता ही सेवा टीम द्वारा किया गया, जिसे नेशनल ग्रीन यूनिवर्सिटी रैंकिंग कमेटी के रूप में नामित किया गया था।
इस प्रक्रिया में शैक्षणिक अनुभाग, योजना एवं विकास, अनुसंधान एवं परामर्श, हाउसकीपिंग एवं ग्रीन कैंपस, उन्नत भारत अभियान, राष्ट्रीय सेवा योजना , गो ग्रीन क्लब सहित अनेक विभागों एवं अनुभागों ने आवश्यक आंकड़े, दस्तावेज एवं साक्ष्य उपलब्ध कराकर महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास संस्थान की प्राथमिकता
इस अवसर पर निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने इस उपलब्धि के लिए संस्थान के सभी विभागों, केंद्रों, प्रशासनिक अनुभागों, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान एनआईटी जमशेदपुर की सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता का राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को संस्थान की शिक्षा, अनुसंधान, प्रशासन एवं परिसर विकास की प्रत्येक गतिविधि का अभिन्न हिस्सा बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर डॉ. नवीन कुमार वेलदुर्थी ने कहा कि यह सम्मान एनआईटी जमशेदपुर परिवार की पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का परिणाम है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह उपलब्धि संस्थान को भविष्य में और अधिक प्रभावी हरित एवं सतत विकास संबंधी पहल करने के लिए प्रेरित करेगी।