Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    RSB ग्रुप ने 1200 करोड़ में खरीदी सेटको क्लच, झारखंड में विस्तार के लिए सरकार से मांगी जमीन

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 06:46 PM (GMT+05:30)

    आरएसबी ग्रुप ने गुजरात की सेटको क्लच कंपनी को 1200 करोड़ रुपये में अधिग्रहित किया है, जिसमें ऑटोमेशन के लिए 100 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश होगा। ...और पढ़ें

    ऑटो कंपोनेंट क्षेत्र की अग्रणी कंपनी आरएसबी ग्रुप।

    ऑटो कंपोनेंट क्षेत्र की अग्रणी कंपनी आरएसबी ग्रुप।

    HighLights

    1. झारखंड में विस्तार के लिए भूमि की कमी बड़ी चुनौती।

    2. जमशेदपुर में एयरपोर्ट और बेहतर सड़कों की मांग।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। ऑटो कंपोनेंट क्षेत्र की अग्रणी कंपनी आरएसबी (RSB) ग्रुप ने अपने अब तक के सबसे बड़े अधिग्रहण के तहत गुजरात के कलोल स्थित सेटको क्लच कंपनी को 1200 करोड़ रुपये में खरीद लिया है। 
     
    आरएसबी ग्रुप के प्रबंध निदेशक सह वाइस चेयरमैन एसके बेहरा ने सोमवार को होटल रमाडा में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी दी।
     
    उन्होंने बताया कि नौ जुलाई को कंपनी का औपचारिक अधिग्रहण कर पूजा-अर्चना के साथ उत्पादन कार्य शुरू कर दिया गया है।
     

    100 करोड़ रुपये का होगा अतिरिक्त निवेश

    एसके बेहरा ने बताया कि सेटको क्लच देश के वाणिज्यिक वाहनों के लिए लाइप ब्रांड के क्लच, क्लच प्लेट, कवर असेंबली और फ्लाईव्हील निर्माण के लिए जानी जाती है। 
     
    इस कंपनी का वार्षिक कारोबार लगभग 1,100 करोड़ रुपये है और यहाँ करीब 1,000 कर्मचारी कार्यरत हैं। अधिग्रहण के बाद आरएसबी ग्रुप इस संयंत्र में ऑटोमेशन को बढ़ावा देने के लिए 100 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करेगा।
     
    इस नए संयंत्र के जुड़ने के साथ ही आरएसबी ग्रुप के कुल प्लांट्स की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। समूह के संयंत्र भारत के अलावा मैक्सिको और अमेरिका सहित कई देशों में संचालित हैं।
     

    झारखंड में जमीन की कमी से रुका विस्तार

    वाइस चेयरमैन ने कहा कि समूह कोल्हान क्षेत्र में अपना विस्तार करना चाहता है, लेकिन पर्याप्त भूमि उपलब्ध न होने के कारण योजना आगे नहीं बढ़ पा रही है। इसके लिए राज्य सरकार से जल्द से जल्द भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।
     

    सड़कों की बदहाली और एयरपोर्ट की जरूरत पर जोर

    उद्योग जगत की समस्याओं पर बात करते हुए बेहरा ने कहा कि आदित्यपुर झारखंड का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है, लेकिन यहां की सड़कें जर्जर हैं। 
     
    पिछले पांच वर्षों से सीआईआई (CII) के माध्यम से सड़कों के जीर्णोद्धार की मांग की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र की सड़कों के निर्माण के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये की आवश्यकता है।
     
    जबकि वर्तमान में केवल 100 करोड़ रुपये से बड़े उद्योगों वाले हिस्सों की मरम्मत की योजना है। इसके साथ ही उन्होंने जमशेदपुर में एयरपोर्ट को समय की सबसे बड़ी मांग बताया।
     
    एयरपोर्ट न होने के कारण विदेशी निवेशक सीधे जमशेदपुर नहीं आ पाते, जिससे बैठकों का आयोजन पुणे कार्यालय में करना पड़ता है। 
     
    इससे राज्य में निवेश और रोजगार के नए अवसरों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। अंत में उन्होंने राज्य की नई औद्योगिक नीति का स्वागत करते हुए इसे धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने की उम्मीद जताई।