रैंडस्टैड रिपोर्ट 2026: देश का दूसरा सबसे पसंदीदा एम्प्लॉयर बना टाटा समूह, गूगल शीर्ष पर और अमेजन तीसरे स्थान पर
रैंडस्टैड एम्प्लॉयर ब्रांड रिसर्च 2026 में टाटा समूह देश का दूसरा सबसे पसंदीदा नियोक्ता ब्रांड बना, जबकि गूगल शीर्ष पर रहा। भारतीय पेशेवर अब बेहतर कार ...और पढ़ें

राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण में टेक दिग्गज गूगल पहले और ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन तीसरे स्थान पर रही।
HighLights
टाटा समूह रैंडस्टैड रिपोर्ट 2026 में दूसरा पसंदीदा नियोक्ता बना।
भारतीय पेशेवर अब कार्य-जीवन संतुलन और संस्कृति को प्राथमिकता देते हैं।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। प्रतिष्ठित रैंडस्टैड एम्प्लायर ब्रांड रिसर्च (REBR) 2026 की ताजा रिपोर्ट में टाटा समूह को देश का दूसरा सबसे पसंदीदा और आकर्षक नियोक्ता (एम्प्लॉयर) ब्रांड घोषित किया गया है।
इस राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण में टेक दिग्गज गूगल पहले और ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन तीसरे स्थान पर रही। रिपोर्ट से स्पष्ट होता है कि भारतीय पेशेवर अब केवल आकर्षक वेतन ही नहीं चाहते हैं।
बल्कि बेहतर कार्य-जीवन संतुलन (वर्क-लाइफ बैलेंस) और अच्छी कार्य संस्कृति देने वाली कंपनियों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
भरोसा और कर्मचारी-अनुकूल नीतियों की विरासत
टाटा समूह का इस सूची में शीर्ष पर बने रहना उसकी कर्मचारी-अनुकूल नीतियों और पीपुल फर्स्ट (कर्मचारी प्रथम) दृष्टिकोण को प्रमाणित करता है।
जमशेदपुर के औद्योगिक इतिहास में टाटा की कंपनियों ने देश में आठ घंटे की कार्य अवधि, भविष्य निधि (PF) और मातृत्व अवकाश जैसी प्रगतिशील नीतियां कानून बनने से काफी पहले ही लागू कर दी थीं।
क्या चाहते हैं देश के पेशेवर?
आज भी टाटा ब्रांड कर्मचारियों के लिए सुरक्षा, सम्मान और करियर विकास का बड़ा पर्याय बना हुआ है। रैंडस्टैड इंडिया के प्रबंध निदेशक नारायण अय्यर के अनुसार, हाल के वर्षों में नियोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच के संबंधों में बड़ा बदलाव आया है।
अब पेशेवर किसी एक वित्तीय लाभ के बजाय समग्र रोजगार अनुभव को तरजीह दे रहे हैं। सर्वे में शामिल:
- 60% पेशेवरों ने बेहतर कार्य-जीवन संतुलन (Work-Life Balance) को सबसे महत्वपूर्ण माना।
- 59% ने कार्यस्थल पर समान अवसर को प्राथमिकता दी।
- 55% ने करियर ग्रोथ और प्रतिस्पर्धी वेतन व लाभ को अहम बताया।
- 53% ने कंपनी की साख और प्रतिष्ठा को तवज्जो दी।
नौकरी बदलने का रुझान
रिपोर्ट के अनुसार, देश के लगभग 46 प्रतिशत पेशेवर अगले छह महीनों में नौकरी बदलने का विचार कर रहे हैं, जबकि 32 प्रतिशत लोग पिछले छह महीनों में नियोक्ता बदल चुके हैं।
वर्क-लाइफ बैलेंस की कमी (49%), करियर में ग्रोथ का न होना (42%) और कम मुआवजा (41%) नौकरी छोड़ने के मुख्य कारण सामने आए हैं।
देश के शीर्ष-10 एम्प्लॉयर ब्रांड
- गूगल (Google)
- टाटा समूह (Tata Group)
- अमेजन (Amazon)
- सैमसंग इंडिया (Samsung India)
- इंफोसिस (Infosys)
- रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries)
- आईटीसी (ITC)
- हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL)
- महिंद्रा एंड महिंद्रा (Mahindra & Mahindra)
- डेल टेक्नोलॉजीज (Dell Technologies)