चोर दरवाजे से खिलाड़ी घुसाए, टाटा स्टील सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर; फुटबाल लीग में नियम उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई
जेएसए प्रीमियर डिवीजन फुटबॉल लीग में नियमों का उल्लंघन कर अयोग्य खिलाड़ियों को खिलाने के आरोप में टाटा स्टील पर बड़ी कार्रवाई की गई है। जेएसए ने टीम क ...और पढ़ें

अयोग्य खिलाड़ियों को खिलाने के मामले में अंक कटे, सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर।
HighLights
टाटा स्टील पर अयोग्य खिलाड़ी खिलाने के आरोप में कार्रवाई।
जेएसए ने जीते और ड्रा मैचों के अंक निरस्त किए।
टीम सेमीफाइनल की दौड़ से लगभग बाहर, नियमों का उल्लंघन।
जितेंद्र सिंह, जमशेदपुर। शहर की सबसे प्रतिष्ठित फुटबाल प्रतियोगिताओं में शामिल जमशेदपुर स्पोर्टिंग एसोसिएशन (जेएसए) प्रीमियर डिवीजन फुटबाल लीग में नियमों के उल्लंघन के मामले में टाटा स्टील पर बड़ी कार्रवाई की गई है।
जेएसए ने अयोग्य खिलाड़ियों को मैदान में उतारने के आरोप को सही पाते हुए टीम के जीते और ड्रा रहे मुकाबलों के अंक निरस्त कर दिए हैं। इस कार्रवाई के बाद टाटा स्टील सेमीफाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो गई है।
जेएसए के अनुसार, टाटा स्टील ने राजस्थान के ब्रदर्स यूनाइटेड क्लब से पंजीकृत अस्मित साहिल बलमुचू और कर्नाटक के किक स्टार्ट बेंगलुरु से पंजीकृत बिरसा टुडू को आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) और इंटर-स्टेट ट्रांसफर के बिना टीम में शामिल कर मैच खिलाया। दोनों खिलाड़ियों ने टीम के कई मुकाबलों में हिस्सा लिया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब क्लासिक एट क्लब ने आठवें मैच के दौरान निर्धारित शुल्क जमा कर औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद जेएसए ने मामले की जांच की और पांच अगस्त को हुई बैठक में टाटा स्टील के खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया।
जेएसए सचिव बोले, नियम सभी के लिए समान
जेएसए सचिव रामाकृष्णन ने कहा कि लीग के नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी क्लब को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि संविधान के तहत जिन मैचों में अयोग्य खिलाड़ी खेले, उन मुकाबलों के अंक निरस्त करने तथा संबंधित खिलाड़ियों पर दो वर्ष तक प्रतिबंध लगाने का प्रविधान है।
खबरें और भी
क्लब के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पिछले वर्ष भी 'ए' डिवीजन लीग में हांसदा स्टार के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की गई थी।
सेमीफाइनल की राह मुश्किल
अंक कटौती के बाद टाटा स्टील की स्थिति तालिका में काफी कमजोर हो गई है। टीम के दो मैच अभी बाकी हैं, लेकिन मौजूदा अंक स्थिति को देखते हुए सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग असंभव माना जा रहा है।
अंक तालिका (आठ मैचों के बाद)
- टाटा मोटर्स – 24 अंक
- स्पोर्टिंग क्लब जमशेदपुर – 16 अंक
- जेएफसी रिजर्व – 14 अंक
- क्लासिक एट – आठ अंक
- ग्रामीण फुटबॉल एकेडमी – सात अंक
- आदिवासी ग्रीन स्पोर्टिंग – छह अंक
- झारखंड स्पोर्टिंग / आंध्रा स्पोर्टिंग / दलमा टाइगर – चार-चार अंक
- टाटा स्टील – तीन अंक
(कार्रवाई के बाद)
क्या है मामला
दो बाहरी खिलाड़ियों को आवश्यक दस्तावेज के बिना टीम में शामिल करने का आरोप।
- क्लासिक एट क्लब की औपचारिक आपत्ति के बाद जांच।
- जेएसए ने नियम उल्लंघन सही पाया।
- जीते और ड्रा मैचों के अंक निरस्त।
- दोषी खिलाड़ियों पर दो वर्ष तक प्रतिबंध लगाने का प्रविधान, क्लब पर भी कार्रवाई संभव।