विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 01, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jamshedpur News: शहर में गलत तरीके से चला रहे थे गाड़ी, विरोध किया तो गला रेतकर मार डाला; दो गिरफ्तार

Published: Sat, 01 Feb 2025 05:00 PM (IST)

जमशेदपुर के गोलमुरी इलाके में नशे में धुत कार सवार युवकों ने एक 27 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से ...और पढ़ें

गोलमुरी में विरोध पर युवक की निर्मम हत्या, साथी गंभीर
गोलमुरी में विरोध पर युवक की निर्मम हत्या, साथी गंभीर

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जमशेदपुर में गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट इलाके में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना में नशे में धुत कार सवार युवकों ने एक 27 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।

मृतक ने कार सवारों द्वारा गलत तरीके से वाहन चलाने का विरोध किया था, जिसके बाद आरोपियों ने यह वीभत्स कृत्य किया।

इस घटना में मृतक का एक साथी भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

विरोध पर भड़के हैवान

  • मृतक मनदीप सिंह कंपनी के एक कर्मचारी की विदाई पार्टी से अपने साथी रॉकी के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। रात करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार कार ने उनके वाहन को टक्कर मारने का प्रयास किया।
  • कार में सवार तीन युवक नशे में धुत थे। मनदीप और रॉकी ने जब इस लापरवाही का विरोध किया तो कार सवार युवक आग बबूला हो गए।

धारदार हथियार से किया हमला

क्रोध में अंधे युवकों ने अपनी कार रोकी और मनदीप पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन्होंने मनदीप के गले पर प्राणघातक वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रॉकी को भी पीठ पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

परिजनों का हृदय विदारक विलाप

घटना की सूचना मिलते ही परिजन दौड़े-भागे घटनास्थल पर पहुंचे और मनदीप और रॉकी को अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मनदीप को मृत घोषित कर दिया। रॉकी का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मनदीप के भाई दलवीर सिंह ने बताया कि मनदीप एक मिलनसार और जिंदादिल इंसान था, उसकी इस तरह से हत्या से पूरा परिवार स्तब्ध है।

पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

गोलमुरी थाना प्रभारी ने बताया कि घटना में शामिल तीन आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके कब्जे से हमले में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया गया है।

तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में एक आरोपी की पहचान जयदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सभी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रात के समय नशे में धुत युवकों का इस तरह से बेखौफ घूमना और खुलेआम गुंडागर्दी करना प्रशासन की नाकामी को दर्शाता है।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है। वे प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न घटें।

यह भी पढ़ें-

जमशेदपुर के रेलकर्मियों के बच्चों लिए खुशखबरी, रेलवे देने जा रही ये खास सुविधा

पुलिस सुस्त, चोर मस्त...; दयाल सिटी में चार घरों से उड़ाए 25 लाख

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।