Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जमशेदपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी में चढ़ा युवक, करंट की चपेट में आने से हुआ धमाका

    Updated: Wed, 06 May 2026 01:01 PM (IST)

    जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक युवक मालगाड़ी पर चढ़ते समय हाई टेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है औ ...और पढ़ें

    मालगाड़ी पर चढ़ा युवक। फोटो जागरण

    मालगाड़ी पर चढ़ा युवक। फोटो जागरण

    HighLights

    1. युवक मालगाड़ी पर चढ़ते समय हाई टेंशन तार की चपेट में आया।

    2. जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर हुई घटना, युवक गंभीर झुलसा।

    3. घायल युवक एमजीएम अस्पताल रेफर, पुलिस जांच में जुटी।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़ी मालगाड़ी पर चढ़ने के दौरान एक युवक हाई टेंशन ओवरहेड विद्युत तार की चपेट में आ गया। तेज धमाके के साथ हुए इस हादसे में युवक गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

    घटना सुबह करीब 11 बजकर 7 मिनट की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अचानक प्लेटफॉर्म पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार के संपर्क में आते ही जोरदार धमाका हुआ और युवक बुरी तरह झुलसकर गिर पड़ा। घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।

    अस्पताल में भर्ती 

    सूचना मिलते ही रेल पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

    इधर, घटना के बाद आरपीएफ और रेल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक स्टेशन पर कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसने मालगाड़ी पर चढ़ने का प्रयास किया।

    खबरें और भी

    प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि घायल युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकता है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल युवक की पहचान करने और उसके परिजनों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। घटना ने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

    यह भी पढ़ें- Jharkhand Treasury Scam: अवैध निकासी मामले में हेमंत सरकार सख्त, 3 साल से जमे लिपिकों का होगा तबादला