जामताड़ा में नशे में धुत युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, दारू-मुर्गे के आश्वासन पर आया नीचे
Jamtara News: नारायणपुर में एक शराबी युवक रविवार रात नशे की हालत में बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। ...और पढ़ें
HighLights
शराबी युवक जामताड़ा के नारायणपुर में टावर पर चढ़ा।
नशे में धुत होने के कारण नीचे उतरने से मना किया।
दारू-मुर्गे के आश्वासन पर सुरक्षित नीचे उतारा गया।
संवाद सहयोगी, नारायणपुर, (जामताड़ा)। झारखंड में प्रेम-प्रसंग में प्रेमी-प्रेमिका द्वारा अपनी मांगें मनवाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़कर सनसनी फैलाने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं, लेकिन जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक अलग ही मामला सामने आया। यहां एक शराबी मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
शराब के नशे में धुत युवक के बीएसएनएल के ऊंचे टावर पर चढ़ जाने से रात के सन्नाटे में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना रविवार रात करीब 11 बजे नारायणपुर बाजार की है। दारू-मुर्गे के आश्वासन के बाद वह नीचे उतरा।
जानकारी के अनुसार, बाजार निवासी बिहार तूरी रविवार रात करीब 11 बजे नशे की हालत में बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया। स्थानीय लोगों ने पहले उसे आवाज देकर नीचे उतरने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।
युवक के गिरने की आशंका से लोग सहम गए और तत्काल इसकी सूचना नारायणपुर थाने की पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया।
खबरें और भी
लाउडस्पीकर और आवाज लगाकर उसे सुरक्षित नीचे आने की अपील की गई, लेकिन नशे में होने के कारण वह टस से मस नहीं हुआ। इस दौरान टावर के नीचे लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई और हर किसी की नजर युवक पर टिकी रही।
काफी देर तक समझाने के बाद स्थानीय लोगों ने उसे नीचे आने पर दारू और मुर्गा खिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। हालांकि पुलिस ने दारू और मुर्गा खिलाने के दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
युवक के सुरक्षित नीचे आते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई हादसा नहीं हुआ। यदि युवक का संतुलन बिगड़ जाता तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उससे पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान युवक ने जो वजह बताई, उसे सुनकर पुलिस और मौजूद लोग भी हैरान रह गए। युवक ने बताया कि उसने शराब पी रखी थी। युवक ने कहा कि शराब पीने के बाद उसका मन मोबाइल टावर पर चढ़ने का मन किया। इसलिए वह चढ़ गया।
घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस और ग्रामीण सक्रिय नहीं होते तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
नशे में धुत युवक को सकुशल टावर से उतरने पर उनके स्वजनों ने राहत की सांस ली है। उसके स्वजनों के अनुसार युवक नशे की आदी है और वह आए दिन नशे में धुत होकर अजीबोगरीब हरकतें करता रहा है। उसकी नशे की आदत से उसके स्वजन अक्सर परेशान रहते हैं।