सुजीत सिन्हा एनकाउंटर: शव से मिलीं दो गोलियां, दोनों कमर के ऊपर लगी थीं; पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सबकी निगाहें
Sujit Sinha Encounter Post Mortemः गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद जामताड़ा सदर अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच उसका पोस्ट ...और पढ़ें

सुजीत सिन्हा के पोस्टमार्टम के दाैरान जामताड़ा पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद दंडाधिकारी व चिकित्सकों की टीम।(फोटो जागरण)
HighLights
जामताड़ा में गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का पोस्टमार्टम हुआ।
शव से कमर के ऊपर दो गोलियां बरामद हुईं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पूरे मामले का अहम दस्तावेज।
जागरण संवाददाता, जामताड़ा। झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद सोमवार को जामताड़ा सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसका पोस्टमार्टम कराया गया। पूरे परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था और सुरक्षा के मद्देनजर आम लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी गई।
पोस्टमार्टम तीन चिकित्सकों की टीम ने संयुक्त रूप से किया। टीम में डा. मिकी मांझी, डा. विशाल कुमार और डा. दुर्गेश झा शामिल थे। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम के दौरान सुजीत सिन्हा के शव से दो गोलियां बरामद हुई हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों गोलियां कमर से ऊपर के हिस्से में लगी थीं। इसके अलावा शरीर पर अन्य कई जख्मों के निशान भी पाए गए हैं, जिनकी प्रकृति और कारण का उल्लेख विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किया जाएगा।
सूत्रों का कहना है कि पोस्टमार्टम के दौरान मिले तथ्यों का विधिवत संकलन किया जा रहा है। हालांकि आधिकारिक तौर पर किसी भी अधिकारी या चिकित्सक ने गोली मिलने अथवा अन्य चोटों के संबंध में पुष्टि नहीं की है।
यह भी पढ़ें- सुजीत सिन्हा एनकाउंटर: झारखंड के अपराध जगत का था कुख्यात नाम, 60 से अधिक मामले थे दर्ज
जिम्मेदार अधिकारी फिलहाल जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक होने तक किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से बच रहे हैं।
यह भी पढ़ें- जामताड़ा में पुलिस एनकाउंटर में कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा ढेर, साहिबगंज से लाया जा रहा था धनबाद जेल
सुजीत सिन्हा की मुठभेड़ में हुई मौत पहले से ही चर्चा और सवालों के केंद्र में है। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट को इस पूरे मामले का अहम दस्तावेज माना जा रहा है।