विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जामताड़ा में जल्द शुरू होगी होगी NEET और IIT की नि:शुल्क तैयारी, DC ने दिए निर्देश

Published: Thu, 03 Sep 2026 07:00 AM (IST)

जामताड़ा में डीसी आलोक कुमार ने शिक्षा विभाग के कार्यों की मासिक समीक्षा की।

डीसी ने की समीक्षा बैठक।

डीसी ने की समीक्षा बैठक।

HighLights

  1. शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक जामताड़ा में हुई।

  2. जल्द शुरू होगी नीट-आईआईटी की तैयारी कक्षाएं।

  3. विशेषज्ञ शिक्षक देंगे प्रशिक्षण, छात्रों को मिलेगा लाभ।

जागरण संवाददाता, जामताड़ा। समाहरणालय सभागार में बुधवार को डीसी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सर्व शिक्षा अभियान एवं शिक्षा विभाग के कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक हुई।

इसमें जिले के शैक्षणिक प्रदर्शन, विभिन्न सूचकांकों में प्रगति, ऑनलाइन पोर्टल पर डाटा प्रविष्टि, बच्चों के आधार एवं अपार आईडी जेनरेशन तथा पठन-पाठन की स्थिति की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने विभिन्न शैक्षणिक पैरामीटर में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए अविलंब सुधार का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

सभी विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। बीईईओ को नियमित समीक्षा कर बैठक की कार्रवाई जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

37 विद्यालयों में जल्द गठित होगी एसएमसी

बैठक में आधार वैलिडेशन और अपार आईडी जेनरेशन की भी समीक्षा की गई। पात्र विद्यार्थियों का अपार आईडी के लिए नामांकन सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रोजेक्ट रेल, यू-डाइस अपडेशन, स्प्लिट सिलेबस और सीपीडी ट्रेनिंग समेत अन्य सूचकांकों में भी प्रदर्शन सुधारने का निर्देश दिया गया।

विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन की समीक्षा में करीब 37 विद्यालयों में समिति का गठन लंबित पाया गया। डीसी ने इन विद्यालयों में जल्द गठन की कार्रवाई पूरी करने को कहा। ग्रामीण स्तर पर विवाद की स्थिति को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी में गठन कराने का निर्देश दिया।

सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत योग्य लाभुकों का एनरोलमेंट सुनिश्चित करने को कहा।

विद्यालय की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायतों पर भी सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया गया। सिविल कार्यों को प्राक्कलन के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।

प्रोजेक्ट प्रज्ञान में निर्बाध चलेगी ऑनलाइन क्लास

डीसी ने जिला प्रशासन की पहल प्रोजेक्ट प्रज्ञान के तहत उच्च विद्यालयों में संचालित ऑनलाइन कक्षाओं की समीक्षा की। उन्होंने बिजली बाधित होने की स्थिति में कक्षाएं प्रभावित न हों, इसके लिए बैटरी और इनवर्टर की वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कक्षाओं से विद्यार्थियों की विषयों पर समझ और कांसेप्ट बेहतर होंगे। इसका लाभ आगामी बोर्ड परीक्षाओं में भी विद्यार्थियों को मिलेगा। उन्होंने शिक्षकों को ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।

जामताड़ा में ही होगी नीट-आईआईटी की तैयारी

डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन जल्द ही नीट और आईआईटी की तैयारी के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से कक्षाएं शुरू कराएगा।

प्रवेश परीक्षा के माध्यम से इच्छुक विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा और विद्यालय अवधि के बाद उन्हें तैयारी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि जामताड़ा के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए दूसरे राज्यों की ओर जाने की जरूरत न पड़े और उन्हें जिले में ही बेहतर फैकल्टी उपलब्ध हो।

बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, बीईईओ, एपीओ, विद्यालय वार्डन समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- एमएमडीआर संशोधन बिल के खिलाफ जामताड़ा में कांग्रेस का प्रदर्शन, मंत्री इरफान अंसारी ने भाजपा को घेरा