Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    खूंटी में दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश: पति समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल गाड़ी और लोहे की रॉड बरामद

    Updated: Wed, 15 Jul 2026 07:43 PM (IST)

    खूंटी पुलिस ने 10 जुलाई को तजना नदी पुल के पास मिले महिला और युवक के दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। इस मामले में महिला के पति सहित 6 आरोपियों क ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. खूंटी डबल मर्डर केस का पुलिस ने किया खुलासा।

    2. महिला के पति सहित छह आरोपी गिरफ्तार किए गए।

    3. हत्या में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, रॉड, मोबाइल फोन बरामद।

    संवाद सहयोगी, खूंटी। खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव स्थित तजना नदी पुल के समीप 10 जुलाई को मिले महिला और युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए महिला के पति समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

    पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, लोहे की रॉड, दोनों मृतकों एवं आरोपितों के मोबाइल फोन सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में दी।

    एसपी ने बताया कि 10 जुलाई को तजना नदी पुल के नीचे से बरामद शवों की पहचान लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के बड़गाईं गांव निवासी नेहा कुमारी और अरुण कुमार राणा के रूप में हुई थी। मामले में खूंटी थाना कांड संख्या 96/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

    जांच के दौरान पुलिस ने गुमला जिले के डुड़िया गांव निवासी महिला के पति कुंदन प्रमाणिक उर्फ संजीत (36) को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य सहयोगियों के नाम बताए। इसके आधार पर पुलिस ने जितेंद्र सिंह उर्फ जायरा, रितेश चीक बड़ाईक, मदन ठाकुर उर्फ मदन प्रमाणिक, कुंदन की बहन सती देवी तथा बहनोई विजय रंजन शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया।

    एसपी के अनुसार, घटना के बाद मुख्य आरोपित अपनी बहन के घर बुंडू भाग गया था, जहां उसे शरण देने के साथ साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया। आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त काले रंग की स्कॉर्पियो (जेएच-15एए-5556), मृतक की मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड, दोनों मृतकों एवं आरोपितों के मोबाइल फोन, चप्पल तथा जलाए गए कपड़ों की राख बरामद की गई है।

    खबरें और भी

    प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका का अपने पति से लंबे समय से विवाद चल रहा था। नौ जुलाई को वह अपने पड़ोसी अरुण कुमार राणा के साथ अपने पांच वर्षीय पुत्र को लाने ससुराल डुड़िया गांव गई थी। वहां विवाद के बाद आरोपितों ने दोनों का अपहरण कर खूंटी के घाघरा स्थित तजना नदी पुल के पास ले जाकर हत्या कर दी और शव पुल के नीचे फेंक दिए।

    एसपी ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और अनुसंधान में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

    यह भी पढ़ें- धनबाद के कोयला चोरों और माफिया पर CISF का शिकंजा, अब पुलिस की तरह दर्ज करेगी FIR

    यह भी पढ़ें- लोहरदगा में ड्रग पैडलर के खिलाफ बड़ा एक्शन; चंदवा-लोहरदगा मार्ग पर दबोचे गए ब्राउन शुगर के सौदागर