खूंटी में युवक की संदिग्ध मौत, घर के पास झाड़ियों से मिला शव; पुलिस जांच में जुटी
खूंटी के डहुगुटू सरना टांड़ में झाड़ियों से 40 वर्षीय सागर मुंडा का शव बरामद हुआ है। पुलिस को गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका है और मामले की जांच ज ...और पढ़ें

खूंटी के डहुगुटू सरना टांड़ में मिला युवक का शव। जागरण
HighLights
खूंटी के डहुगुटू सरना टांड़ में मिला युवक का शव।
मृतक की पहचान सागर मुंडा के रूप में हुई।
संवाद सहयोगी, खूंटी। शहर के डहुगुटू सरना टांड़ स्थित झाड़ियों से शुक्रवार को एक 40 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान डहुगुटू सरना टांड़ निवासी सागर मुंडा के रूप में हुई है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि युवक का शव उसके घर से महज 50 फीट की दूरी पर झाड़ियों में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई, जबकि पुलिस ने तत्काल पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, सागर मुंडा 20 जुलाई की शाम से लापता था। स्वजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने सरना टांड़ की झाड़ियों में एक शव देखा और इसकी सूचना खूंटी थाना की पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
खबरें और भी
पुलिस के अनुसार, मृतक के गले में गमछा बंधा हुआ मिला है। प्रथम दृष्टया मामला गला घोंटकर हत्या किए जाने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
इस संबंध में खूंटी थाना में एक मामला दर्ज कर पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।