खूंटी में जंगल किनारे लावारिस पिकअप से 80 किलो गांजा बरामद, फर्जी नंबर प्लेट मिलने से तस्करी नेटवर्क की आशंका
खूंटी में जंगल किनारे लावारिस खड़ी एक पिकअप वैन से पुलिस ने लगभग 80 किलोग्राम गांजा बरामद किया। वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट और फास्टैग हटाए जाने से बड़े ...और पढ़ें

खूंटी में लावारिस पिकअप से 80 किलो गांजा बरामद। जागरण
HighLights
खूंटी में लावारिस पिकअप से 80 किलो गांजा बरामद।
वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट, फास्टैग भी हटाया गया।
जागरण संवाददाता, खूंटी। खूंटी-रांची मुख्य मार्ग पर बिरसा मृग विहार के समीप जंगल किनारे लावारिस हालत में खड़ी एक पिकअप वैन से सोमवार को पुलिस ने करीब 80 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
वाहन को जब्त कर एनडीपीएस थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में वाहन पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई है, जबकि पहचान छिपाने के उद्देश्य से विंडस्क्रीन पर लगा फास्टैग स्टिकर भी उखाड़ दिया गया था।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वैन पिछले लगभग एक सप्ताह से जंगल किनारे सड़क पर लावारिस अवस्था में खड़ी थी। लंबे समय तक वाहन के वहीं खड़े रहने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना खूंटी थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान वाहन के डाले में रखे पुराने कबाड़ के टायरों के नीचे छिपाकर रखे गए गांजे के कई पैकेट बरामद किए। बरामद गांजे का वजन करीब 80 किलोग्राम बताया गया है।
सूचना मिलते ही एनडीपीएस थाना प्रभारी मणिदीप एसआई रामदेव यादव एवं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस को आशंका है कि वाहन चोरी का भी हो सकता है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि किसी कारणवश तस्कर वाहन को जंगल के पास छोड़कर फरार हो गए।
खबरें और भी
एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस वाहन के वास्तविक मालिक, गांजा आपूर्ति के स्रोत तथा तस्करी में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के पीछे किसी बड़े मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।