खूंटी में पीएलएफआई का सक्रिय सदस्य राजेंद्र साहू गिरफ्तार, देशी पिस्टल व छह जिंदा गोलियां बरामद
खूंटी पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के सक्रिय सदस्य राजेंद्र साहू को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देशी पिस्टल और छह जिंदा गोलियां बर ...और पढ़ें

पीएलएफआई सक्रिय सदस्य राजेंद्र साहू खूंटी में गिरफ्तार। जागरण
HighLights
पीएलएफआई सक्रिय सदस्य राजेंद्र साहू खूंटी में गिरफ्तार।
एक देशी पिस्टल और छह जिंदा गोलियां बरामद हुईं।
संवाद सहयोगी, खूंटी। खूंटी पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान राजेंद्र साहू उर्फ राजेंद्र साव उर्फ मास्टर (42), निवासी गम्हरिया, थाना मुरहू के रूप में हुई है।
उसके पास से एक देशी पिस्टल और छह जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
एसपी ने बताया कि उन्हें यह गुप्त सूचना मिली थी कि वांछित आरोपित राजेंद्र साहू अपने गांव गम्हरिया में मौजूद है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी पिस्टल तथा छह जिंदा कारतूस बरामद किया। एसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित इसी वर्ष मई माह में कर्रा थाना क्षेत्र स्थित रेलवे निर्माण स्थल पर हुई फायरिंग एवं आगजनी की घटना तथा तोरपा में गैस एजेंसी संचालक के मकान और वाहन पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल था।
इन मामलों में पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। बताया गया कि राजेंद्र साहू प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई का सक्रिय सदस्य है। संगठन के शीर्ष कमांडरों की गिरफ्तारी के बाद वह लेवी वसूली के साथ ही संगठन को दोबारा सक्रिय और मजबूत करने की कोशिश में जुटा था।
खबरें और भी
आरोपित पर कई गंभीर मामले हैं दर्ज
पुलिस के अनुसार राजेंद्र साहू के विरुद्ध जिला के तोरपा, कर्रा, खूंटी एवं मुरहू थाना में हत्या, डकैती, फायरिंग, आर्म्स एक्ट तथा उग्रवादी गतिविधियों से जुड़े कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें रेलवे निर्माण स्थल पर हमला, गैस एजेंसी संचालक पर फायरिंग, अवैध हथियार रखने, हत्या और डकैती जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में तोरपा एसडीपीओ विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में तोरपा थाना प्रभारी मनीष कुमार, कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार, तोरपा थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।