बंधुआ स्टेशन पर सिग्नल फेल, राजधानी समेत कई ट्रेनें प्रभावित, डेढ़ घंटे तक परिचालन बाधित
कोडरमा-गया रेलखंड के बंधुआ स्टेशन पर गुरुवार सुबह सिग्नल प्रणाली में तकनीकी खराबी से रेल परिचालन डेढ़ घंटे से अधिक समय तक बाधित रहा। इस दौरान दो राजधा ...और पढ़ें

बंधुआ स्टेशन पर सिग्नल प्रणाली में तकनीकी खराबी।
HighLights
बंधुआ स्टेशन पर सिग्नल प्रणाली में तकनीकी खराबी।
राजधानी सहित कई ट्रेनें डेढ़ घंटे से अधिक प्रभावित।
संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। कोडरमा-गया रेलखंड के बंधुआ स्टेशन पर गुरुवार सुबह सिग्नल प्रणाली में तकनीकी खराबी आने से रेल परिचालन प्रभावित हो गया। ऑटोमेटिक एवं होम सिग्नल फेल होने के कारण करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा।
इस दौरान डाउन लाइन की दो राजधानी एक्सप्रेस तथा अप लाइन की एक राजधानी सहित कई मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।
जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 5:15 बजे बंधुआ स्टेशन का ऑटोमेटिक सिग्नल और होम सिग्नल अचानक फेल हो गया। इसके बाद रेलवे ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ट्रेनों का परिचालन 'पेपर अथॉरिटी' (कागजी अनुमति) के आधार पर शुरू किया।
सिग्नल फेल होने के कारण सामान्यत: 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली ट्रेनों को महज 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से गुजारा गया। तकनीकी खराबी के चलते डाउन लाइन पर दो राजधानी एक्सप्रेस तथा अप लाइन पर हावड़ा-मुंबई मेल, सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस, जोधपुर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही।
रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने सुबह करीब 8:30 बजे सिग्नल प्रणाली को दुरुस्त किया, लेकिन परीक्षण के दौरान सिस्टम दोबारा फेल हो गया। इसके बाद पुनः कागजी अनुमति के आधार पर ट्रेनों का संचालन जारी रखा गया।
लगातार प्रयास के बाद तकनीकी खराबी को लगभग 10:30 बजे पूरी तरह ठीक कर लिया गया, जिसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका। सिग्नल फेल होने के कारण कई ट्रेनों को निर्धारित समय से विलंब का सामना करना पड़ा।