Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    झारखंड में हाथियों का तांडव, ग्रामीण को पटक-पटककर मारा; थाने की बैरिकेडिंग तोड़ी

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 07:49 AM (IST)

    हाथियों के झुंड ने कोडरमा के मरकच्चो प्रखंड में तीन दिनों से तबाही मचा रखी है, जिसमें एक ग्रामीण केदार यादव की मौत हो गई और कई घर व धान के बिचड़े बर्ब ...और पढ़ें

    HighLights

    1. कोडरमा में जंगली हाथियों ने तीन दिन से मचाई तबाही।

    2. एक ग्रामीण केदार यादव की हाथियों के हमले में मौत।

    3. हाथियों ने घरों को तोड़ा, धान के बिचड़े भी रौंदे।

    जागरण संवाददाता, कोडरमा। जिले के मरकच्चो प्रखंड क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से जंगली हाथियों के एक झुंड ने भारी तबाही मचा रखी है। पपलो पंचायत के खंडराडीह गांव में रविवार रात एक जंगली हाथी ने केदार यादव नामक ग्रामीण पर हमला कर दिया और उसे पटक-पटक कर मौत के घाट उतार दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और ग्रामीण दहशत के साए में जीने को मजबूर हैं।

    हाथियों का यह खूंखार झुंड केवल ग्रामीण इलाकों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि शनिवार रात नवलशाही थाना परिसर तक जा पहुंचा। हाथियों ने कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर थाने के समीप लगी बैरिकेडिंग को तोड़ डाला और परिसर के भीतर घुसने की कोशिश की। 

    पटाखे फोड़कर हाथियों को खदेड़ा

    खतरे को भांपते हुए थाना के एसआई रवि प्रकाश पंडित ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने मशालें जलाकर और पटाखे फोड़कर हाथियों को खदेड़ा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि इस अफरा-तफरी के दौरान एक हाथी सड़क किनारे खड़े वाहन से टकरा भी गया।

    इससे पहले शुक्रवार रात भी हाथियों के इस झुंड ने पपलो, अम्बाडीह और खण्डहराडीह गांवों में जमकर उपद्रव मचाया था। भोजन की तलाश में आए हाथियों ने वासुदेव यादव, पूनम देवी, कुंती देवी और विमला देवी सहित चार ग्रामीणों के मकानों के दरवाजे और खिड़कियां पूरी तरह तोड़ दिए। 

    खबरें और भी

    बिचड़ों को रौंदकर बर्बाद किया 

    इसके साथ ही खेतों में धान की रोपनी के लिए तैयार कर रखे गए दर्जनों किसानों के बिचड़ों को रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया। इससे प्रयाग यादव, हीरालाल पासवान, चिंता देवी और बालेश्वर यादव समेत कई किसानों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।

    लगातार हो रहे इस विनाश से स्थानीय लोगों में वन विभाग के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है। पपलो पंचायत के प्रतिनिधियों का कहना है कि हर साल हाथियों का झुंड तबाही मचाता है और आवेदन देने के बावजूद विभाग द्वारा कोई मुआवजा नहीं दिया जाता। 

    वनकर्मी लगातार कर रहे गश्त 

    उधर घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। फिलहाल वनकर्मी इलाके में लगातार गश्त कर रहे हैं और ग्रामीणों से रात के समय सतर्क रहने तथा जंगल की ओर न जाने की अपील की है। 

    वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने विभाग से जल्द से जल्द मुआवजे और हाथियों को स्थायी रूप से आबादी से दूर खदेड़ने की मांग की है।

    यह भी पढ़ें- कोडरमा घाटी में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराया बेकाबू गाड़ी, चालक-खलासी की मौके पर ही मौत