कोडरमा में बेखौफ बदमाश, महिला के गले से छीनी डेढ़ लाख की सोने की चेन; पुलिस गश्ती पर उठे सवाल
झुमरीतिलैया के विद्यापुरी में एक महिला के गले से डेढ़ लाख की सोने की चेन झपट ली गई, जिससे स्थानीय ...और पढ़ें
-1782280466948_m.webp)
पीड़ित महिला
HighLights
झुमरीतिलैया में महिला से डेढ़ लाख की सोने की चेन झपटी।
विद्यापुरी में बाइक सवारों ने महिला को बनाया निशाना।
पुलिस गश्ती पर उठे सवाल, दो आरोपी गिरफ्तार।
संवाद सूत्र, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। शहर और इसके आसपास के रिहायशी इलाकों में छिनतई (चेन स्नैचिंग) की बढ़ती वारदातों ने स्थानीय पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
ताजा मामला विद्यापुरी स्थित धनी सिंह तालाब के पास का है, जहां मंगलवार रात करीब 9 बजे बाइक सवार दो शातिर बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। फिलहाल, पुलिस ने मामले में दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है।
व्यस्त इलाके में दुस्साहस, दहशत में लोग
पीड़ित महिला की पहचान मोहल्ले की ही रहने वाली रेखा भदानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रात के समय अपने बच्चों को लेने जा रही थीं, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
छीनी गई सोने की चेन की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए आंकी जा रही है। घटना के वक्त वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने अपराधियों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन अपराधी तेज रफ्तार बाइक से भागने में सफल रहे।
बदमाशों ने की थी रेकी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बदमाश वारदात को अंजाम देने से पहले काफी देर तक इलाके में रेकी कर रहे थे। उन्होंने सुनसान मौके का फायदा उठाकर महिला को अपना निशाना बनाया।
पुलिसिया गश्ती पर उठ रहे गंभीर सवाल
भीड़भाड़ और व्यस्त रिहायशी इलाके में इस तरह की घटना होना शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।
लोगों का कहना है कि झुमरीतिलैया के मुख्य और रिहायशी रास्तों पर पुलिस गश्ती केवल कागजों तक सीमित रह गई है। सरेराह महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे महिलाओं का अकेले निकलना दूभर हो गया है।
मुख्य चौक-चौराहों को छोड़कर अंदरूनी रिहायशी इलाकों में निगरानी की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और झुमरी तिलैया थाना पुलिस से मांग की है कि इलाके में पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए, सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और शहर की बिगड़ती कानून व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।