Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कोडरमा में IB और पुलिस का एक्शन, आतंकी का वीडियो शेयर कर युवाओं को भड़काने वाले 5 संदिग्ध हिरासत में

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 02:51 PM (IST)

    कोडरमा के माधोपुर गांव में आईबी और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है। इन पर सोशल मीडिया पर आतंकी वीडियो साझा कर मुस्लिम यु ...और पढ़ें

    आतंकी का वीडियो शेयर कर युवाओं को भड़काने वाले 5 संदिग्ध हिरासत में (AI Generated Image)

    आतंकी का वीडियो शेयर कर युवाओं को भड़काने वाले 5 संदिग्ध हिरासत में (AI Generated Image)

    HighLights

    1. आईबी और कोडरमा पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया।

    2. आतंकी वीडियो साझा कर मुस्लिम युवाओं को भड़काने का आरोप।

    3. संदिग्धों के मोबाइल फोन और डिजिटल उपकरणों की गहन जांच जारी।

    संवाद सहयोगी, कोडरमा। कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में सोमवार की सुबह आईबी (इंटेलिजेंस ब्यूरो) और कोडरमा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया। सभी हिरासत में लिए गए व्यक्ति माधोपुर गांव के ही निवासी बताए जा रहे हैं।

    उन पर सोशल मीडिया के माध्यम से कथित तौर पर किसी आतंकी का वीडियो क्लिप साझा (शेयर) कर मुस्लिम युवाओं को देश और अन्य धर्मों के प्रति भड़काने का आरोप है।

    हिरासत में लिए गए लोगों में 1.मो.अरशद महफूज (पिता जहांगीर आलम), 2.मो जहांगीर आलम पिता स्व. जमाल, 3.मो. शहादत हुसैन पिता स्व. रहमत मिया, 4.मो. मो. शाहिल, पिता मो आजम, 5.समशेर आलम, पिता मो. अमजद के नाम शामिल हैं।

    जानकारी के अनुसार, भारतीय खुफिया एजेंसियों को इस संबंध में इनपुट प्राप्त हुआ था। इसके बाद आईबी ने मामले की सूचना कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष को दी।

    सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने एक विशेष टीम का गठन किया। रविवार देर रात आईबी और कोडरमा पुलिस की संयुक्त टीम ने माधोपुर गांव में छापामारी कर पांचों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।

    बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां हिरासत में लिए गए लोगों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की भी जांच कर रही हैं। उनसे पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे किन-किन लोगों के संपर्क में थे और कथित आपत्तिजनक सामग्री किस माध्यम एवं उद्देश्य से साझा की जा रही थी।

    फिलहाल, पुलिस और आईबी की ओर से मामले में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं, इस कार्रवाई के बाद माधोपुर गांव और आसपास के इलाके में दिनभर चर्चाओं का माहौल बना रहा।

    आतंकी कनेक्शन में दूसरी बार कोडरमा का नाम

    30 जुलाई 2025 को कोडरमा का नाम पहली बार आतंकी कनेक्शन के मामले में उस समय चर्चा में आया था, जब गुजरात एटीएस ने बेंगलुरु से झुमरीतिलैया के असनाबाद निवासी शमा परवीन को गिरफ्तार किया था। शमा पर सोशल मीडिया के माध्यम से कथित आतंकी संगठन से जुड़े होने और गतिविधियों में संलिप्त रहने के आरोप लगे थे।

    खबरें और भी

    मामले की सूचना मिलने के बाद तिलैया थाना पुलिस ने भी उसके पैतृक आवास पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की थी। अब एक बार फिर सतगावां के माधोपुर गांव में आईबी और कोडरमा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद जिले का नाम कथित आतंकी गतिविधियों की जांच को लेकर सुर्खियों में है।

    इस मामले में हिरासत में लिए गए लोगों के द्वारा कुख्यात आतंकी मौलाना मसूद अजहर का कोई वीडियो क्लिप शेयर करने की बात आ रही है। हिरासत में लिए गए सभी लोग सतगावां में मुर्गा बेचने वाले, परचून दुकान चलाने वाले सहित अन्य छोटे-मोटे कारोबार करने वाले हैं।