कोडरमा में सीमेंट लदे ट्रक ने मचाया तांडव, ढलान पर दो दुकानों में घुसा वाहन; अंदर सो रहे दुकानदार गंभीर
कोडरमा में रांची-पटना मुख्य मार्ग पर एक सीमेंट लदे अनियंत्रित ट्रक ने पहले दूसरे ट्रक को टक्कर मारी, फिर दो दुकानों को ध्वस्त कर दिया। हादसे में दुकान ...और पढ़ें

अनियंत्रित सीमेंट लदे ट्रक ने मचाया तांडव, सो रहे दुकानदार गंभीर रूप से घायल।
HighLights
कोडरमा में सीमेंट लदे ट्रक ने दो दुकानें ध्वस्त कीं।
दुकान में सो रहा युवक और ट्रक चालक घायल हुए।
लाखों रुपये का सामान नष्ट, मुआवजे की मांग।
संवाद सूत्र, कोडरमा। कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग स्थित दिबौर में शनिवार की अहले सुबह तेज रफ्तार सीमेंट लदे ट्रक ने जमकर तबाही मचाई। ढलाननुमा स्थान पर अनियंत्रित हुए ट्रक ने पहले सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक में जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद सड़क किनारे स्थित दो दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों दुकानें पूरी तरह ध्वस्त हो गईं। घटना में दुकान में सो रहे करीब 40 वर्षीय कन्हाई सिंह घायल हो गए। वहीं ट्रक चालक को भी हल्की चोट आई है। जानकारी के अनुसार सीमेंट लदा ट्रक कोडरमा के रास्ते बिहार की ओर जा रहा था।
शनिवार की सुबह दिबौर के समीप ढलान पर पहुंचते ही चालक का ट्रक पर नियंत्रण नहीं रहा। तेज रफ्तार ट्रक पहले सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से टकराया। इसके बाद सड़क किनारे स्थित दुकानों में जा घुसा।
अचानक हुए हादसे से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। हादसे में घायल कन्हाई सिंह को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं ट्रक चालक मधुपुर निवासी सुखदेव महतो को भी चोट आई है। उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों में गुस्सा
इधर, दुकान मालिक सीताराम राणा ने बताया कि ट्रक की टक्कर से उनकी दुकान के साथ बगल में स्थित कारु साव की दुकान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुकान में रखा फ्रीज, काउंटर, रैक समेत खाद्य सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई।
सीताराम राणा ने बताया कि उन्हें करीब तीन लाख रुपये तथा कारु साव को करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दोनों दुकानदारों ने प्रशासन से क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति का जायजा लेते हुए घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीण गुस्से में दिखे।