कोडरमा में 7 साल के मासूम की निर्मम हत्या: सोते समय अज्ञात लोगों ने घर से उठाया, सुबह कुएं में मिला शव
कोडरमा के डोमचांच थाना क्षेत्र के घरबरियाबर गांव में सात वर्षीय आर्यन यादव की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया। बच्चा रात में घर से गायब हुआ था। सुब ...और पढ़ें
HighLights
सात वर्षीय आर्यन यादव की निर्मम हत्या
बच्चे का शव कुएं से बरामद किया गया
मां और फूफा हिरासत में, पुलिस जांच जारी
संवाद सहयोगी, कोडरमा। कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत घरबरियाबर गांव में दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सात वर्षीय मासूम बच्चे आर्यन यादव, पिता पवन यादव की हत्या कर उसका शव कुएं में फेंक दिया गया।
घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात बच्चा अपनी मां के साथ घर में सोया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात लोग घर में घुसे और मासूम को उठाकर ले गए। स्वजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह जब बच्चे का कहीं पता नहीं चला तो खोजबीन शुरू हुई।

(बच्चे की फाइल फोटो)
इसी बीच गांव के एक कुएं में बच्चे का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकाला। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने का विरोध किया, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

हालांकि पुलिस अधिकारियों के समझाने और जल्द कार्रवाई के आश्वासन के बाद स्थिति नियंत्रण में आई। ग्रामीणों ने इस जघन्य हत्या को लेकर स्वजनों पर ही संदेह जताया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्चे की मां और उसके फूफा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।मौके पर एसडीपीओ अनिल कुमार और इंस्पेक्टर अरविंद कुमार समेत भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, लेकिन आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से बच रही है। घटना के बाद पूरे गांव में गम और गुस्से का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- केंदुआ में धनबाद-बोकारो सड़क दो फीट धंसी, जहरीली गैस रिसाव से भूधंसान का बढ़ा खतरा; पुलिस ने लगाया बैरिकेट
यह भी पढ़ें- रांची में मेडिकल छात्रा से दुष्कर्म: आरोपी दानिश बंगाल से गिरफ्तार, पीड़िता की हालत गंभीर