कोडरमा में गैस टैंकर-हाईवा के बीच टक्कर: केबिन में फंसे ड्राइवर के लिए मसीहा बने ट्रक चालक, चेन खींचकर निकाला
कोडरमा घाटी में रांची-पटना NH 20 पर गैस टैंकर और हाईवा ट्रक की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें टैंकर चालक केबिन में फंस गया। ...और पढ़ें
-1783835030882_m.webp)
HighLights
कोडरमा घाटी में गैस टैंकर-हाईवा की जोरदार टक्कर हुई।
टैंकर चालक केबिन में बुरी तरह फंसा, पैर क्षतिग्रस्त हुआ।
अन्य ट्रक चालकों ने चेन से खींचकर चालक को बचाया।
संवाद सहयोगी, कोडरमा। रांची-पटना एनएच 20 स्थित कोडरमा घाटी में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। रांची से पटना की ओर जा रहे गैस टैंकर और पटना से कोडरमा की ओर आ रहे एक हाईवा ट्रक के बीच नौवां मील के समीप आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि गैस टैंकर का चालक स्टेयरिंग के बीच बुरी तरह फंस गया और उसका पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे अन्य ट्रक चालकों ने मानवता और साहस का परिचय देते हुए राहत अभियान शुरू किया।

चालकों ने अपने ट्रक में लगी चेन की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को खींचा और काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेजा गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि हादसे में चालक का पैर टूट गया है। घायल चालक का नाम बिहार के छपरा निवासी 40 वर्षीय धर्मेंद्र यादव, पिता जयप्रकाश यादव है।

घटना के कारण कोडरमा घाटी में करीब डेढ़ से दो घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। सूचना मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को सामान्य कराया।
खबरें और भी

स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि मौके पर मौजूद ट्रक चालक तत्परता नहीं दिखाते तो घायल चालक को समय पर बाहर निकालना मुश्किल हो सकता था। उनकी सूझबूझ और साहस के कारण चालक की जान बच सकी।
यह भी पढ़ें- कोडरमा में कारोबारी के गार्ड की पत्नी की मौत का रहस्य गहराया, पति के बदलते बयानों से बढ़ा सस्पेंस
यह भी पढ़ें- चतरा में 60 घंटे बाद खत्म हुआ धरना: प्रशासन-प्रदर्शनकारियों के बीच बनी सहमति, CRPF जवान की मौत पर फूटा था गुस्सा