118 वर्ष पुराने कोडरमा-गया रेलखंड का होगा कायाकल्प, 190 करोड़ की परियोजनाओं से मिलेगी नई पहचान
कोडरमा-गया रेलखंड पर 190 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का कार्य शुरू हो गया है, जिससे 118 साल पुराने इस खंड का कायाकल्प होगा। इन परियोजनाओं ...और पढ़ें

कोडरमा-गया रेलखंड पर आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ रेल और सड़क यातायात भी अधिक सुरक्षित होगा।
HighLights
190 करोड़ की लागत से कोडरमा-गया रेलखंड का विकास।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पहाड़पुर स्टेशन का कायाकल्प।
यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं, सुरक्षित रेल और सड़क यातायात।
संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। नई दिल्ली-हावड़ा ग्रैंड कार्ड सेक्शन के धनबाद रेल मंडल अंतर्गत कोडरमा-गया रेलखंड में करीब 190.31 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य शुरू होने से इस पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाली है।
लगभग 118 वर्ष पुराने इस रेलखंड पर झारखंड और बिहार के हजारों यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ रेल और सड़क यातायात भी अधिक सुरक्षित होगा। रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण, रोड ओवरब्रिज, अंडरपास और फुट ओवरब्रिज समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर एक साथ काम किया जा रहा है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पहाड़पुर रेलवे स्टेशन का 28 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया जा रहा है। इसके तहत स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण, आकर्षक प्रवेश द्वार, विस्तृत प्रतीक्षालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। रेलवे ने दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को भी प्राथमिकता दी है।
गुरपा, दिलवा, बंधुआ, बंशीनाला, पहाड़पुर और टनकुप्पा स्टेशनों पर करीब 80 लाख रुपये की लागत से रैंप, सुगम प्रवेश मार्ग और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे सभी यात्रियों के लिए आवागमन और आसान होगा।
रेल फाटकों पर लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं की समस्या को दूर करने के लिए रेलवे 142 करोड़ रुपये की लागत से तीन रोड ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण करेगा। ये आरओबी गुरपा-पहाड़पुर (एलसी-37 बी/टी), पहाड़पुर-टनकुप्पा (एलसी-39 सी/टी) और टनकुप्पा-बंधुआ (एलसी-40 सी/टी) के बीच बनाए जाएंगे।
इनके बनने से सड़क यातायात निर्बाध होगा और लोगों को लंबे इंतजार से राहत मिलेगी। इसके अलावा टनकुप्पा स्टेशन के किमी 449/5-7 पर 6.78 करोड़ रुपये की लागत से अंडरपास बनाया जाएगा। वहीं, दिलवा और बंशीनाला स्टेशनों पर 9.51 करोड़ रुपये की लागत से रैंप, सीढ़ियां और फुट ओवरब्रिज का निर्माण होगा।
खबरें और भी
दिलवा स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक, दो और तीन का 2.32 करोड़ रुपये की लागत से उच्चीकरण भी किया जाएगा, जिससे यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में अधिक सुविधा व सुरक्षा मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद कोडरमा-गया रेलखंड पर यात्रा अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक होगी। साथ ही क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।