Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बांकुड़ा ब्लास्ट केस में कोडरमा में NIA की बड़ी रेड, 16 लाख कैश और विस्फोटक आपूर्ति से जुड़े दस्तावेज जब्त, 2 गिरफ्तार

    Updated: Thu, 23 Jul 2026 06:30 PM (IST)

    NIA Action in Koderma: एनआईए ने पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा विस्फोट मामले की जांच के सिलसिले में कोडरमा में कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान शंकर यादव ...और पढ़ें

    एनआईए की 12 सदस्यीय टीम ने कोडरमा पहुंचकर चार अलग-अलग ठिकानों में की छापामारी।

    एनआईए की 12 सदस्यीय टीम ने कोडरमा पहुंचकर चार अलग-अलग ठिकानों में की छापामारी।

    HighLights

    1. एनआईए ने बांकुड़ा विस्फोट मामले में कोडरमा में छापेमारी की।

    2. शंकर यादव और महेश मेहता गिरफ्तार, 16 लाख रुपये जब्त।

    3. कोडरमा में विस्फोटक आपूर्ति श्रृंखला की गहन जांच जारी है।

    जागरण टीम, कोडरमा। पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में वर्ष 2024 में हुए विस्फोट मामले की जांच करते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) गुरुवार को कोडरमा पहुंची और जिले के नवलशाही व डोमचांच क्षेत्र स्थित कई विस्फोटक मैगजीनों पर एक साथ छापेमारी की।

    एनआईए की कोलकाता इकाई ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से विस्फोटकों के भंडारण, आपूर्ति और उससे जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की। कार्रवाई के दौरान एजेंसी ने लोकाई निवासी शंकर यादव और महेश कुमार मेहता को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।

    सूत्रों के अनुसार, अगस्त 2024 में पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के सल्तोदिया क्षेत्र में अवैध खनन के लिए बाइक से डायनामाइट ले जाने के दौरान हुए विस्फोट में दो युवकों की मौत हो गई थी।

    इस मामले की जांच बाद में एनआईए को सौंपी गई। एजेंसी ने केस संख्या 16/2024 दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान विस्फोटकों की आपूर्ति श्रृंखला के तार कोडरमा से जुड़े होने के संकेत मिले, जिसके बाद गुरुवार को जिले में यह कार्रवाई की गई।

    तड़के चार बजे शुरू हुई थी छापेमारी

    जानकारी के अनुसार, एनआईए की टीम एक डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में गुरुवार तड़के करीब चार बजे कोडरमा पहुंची। स्थानीय पुलिस के 28 जवानों और अधिकारियों के सहयोग से टीम अलग-अलग दलों में बंटकर बदडीहा स्थित शंकर यादव के आवास, नवलशाही थाना क्षेत्र के नवादा स्थित विस्फोटक मैगजीन तथा कोडरमा के छतरबर और नवाडीह स्थित अन्य ठिकानों पर पहुंची।

    खबरें और भी

    कई घंटों तक चली कार्रवाई में दस्तावेजों की जांच, रिकार्ड का सत्यापन और विस्फोटकों के भंडारण से जुड़े बिंदुओं की पड़ताल की गई। एनआईए की टीम में 12 लोग शामिल थे।

    धनबाद से बांकुड़ा ले जाने के क्रम में हुआ था विस्फोट

    सूत्रों के मुताबिक, एनआईए की जांच में यह तथ्य सामने आया है कि बांकुड़ा में हुए विस्फोट से पहले कोडरमा से धनबाद के लिए भेजे गए विस्फोटकों की खेप का एक हिस्सा कथित रूप से रास्ते में अवैध रूप से निकाल लिया गया था।

    इसके बाद उसे बाइक के माध्यम से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक में विस्फोट हो गया, जिसमें दोनों युवकों की मौत हो गई। एजेंसी इस पूरे आपूर्ति तंत्र और इससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

    16 लाख नगद व जमीन के कई कागजात जब्त

    छापेमारी के दौरान एनआईए ने शंकर यादव के बदडीहा स्थित आवास से 16 लाख 7 हजार 600 रुपये नकद, जमीन से संबंधित 22 दस्तावेज, जिनमें केवाला और एग्रीमेंट शामिल हैं, तथा एक डायरी जब्त की है। जांच एजेंसी के अनुसार, डायरी में विस्फोटकों की आपूर्ति से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रविष्टियां दर्ज हैं, जिनकी अब विस्तार से जांच की जाएगी।

    पिछले कई महीनों से एनआईए को थी शंकर की तलाश

    सूत्रों का यह भी कहना है कि एनआईए पिछले कई महीनों से इस मामले में शंकर यादव और महेश कुमार मेहता की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान दोनों के आसनसोल में रहने की सूचना मिली थी, लेकिन वहां से हटने के बाद उनके कोडरमा लौटने की जानकारी एजेंसी को मिली। सटीक सूचना मिलने के बाद गुरुवार को यह कार्रवाई की गई।

    एनआईए की टीम ने विस्फोटक मैगजीनों के लाइसेंस, स्टाक रजिस्टर, आपूर्ति रिकार्ड और अन्य अभिलेखों का भी बारीकी से परीक्षण किया। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विस्फोटकों की आपूर्ति प्रक्रिया में कहीं नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ और आपूर्ति श्रृंखला के किस स्तर पर कथित अनियमितता हुई।

    हालांकि, एनआईए की ओर से देर शाम तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। खबर लिखे जाने तक एजेंसी की जांच जारी है।