आरपीएफ की ईमानदारी, ट्रेन में छूटा 97 हजार नकद और लैपटॉप से भरा बैग मालिक को सौंपा
कोडरमा आरपीएफ ने 'ऑपरेशन अमानत' के तहत एक यात्री का ट्रेन में छूटा ₹97,000 नकद और लैपटॉप बैग बरामद कर मालिक को लौटा दिया। शिकायतकर्ता के बेटे की सूचना ...और पढ़ें

ट्रेन में छूटा ₹97 हजार नकद वाला लैपटॉप बैग आरपीएफ ने ईमानदारी से लौटाया।
HighLights
आरपीएफ ने 'ऑपरेशन अमानत' के तहत बैग बरामद किया।
ट्रेन में छूटे लैपटॉप बैग में ₹97,000 नकद थे।
गुरपा स्टेशन पर तत्काल कार्रवाई कर मालिक को सौंपा।
संवाद सूत्र, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कोडरमा ने 'ऑपरेशन अमानत' के तहत ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए एक यात्री का 97 हजार रुपये नकद और लैपटॉप से भरा बैग बरामद कर उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित सौंप दिया। आरपीएफ की इस कार्रवाई की यात्री ने भूरी-भूरी सराहना करते हुए आभार जताया है।
जानकारी के अनुसार, झुमरीतिलैया सुरक्षा नियंत्रण कक्ष (धनबाद) को रेल मदद पोर्टल के माध्यम से एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता के पुत्र शिवम कुमार ने बताया कि उनके पिता अनिल कुमार ट्रेन संख्या 13306 डाउन के साधारण कोच में सासाराम से गया की यात्रा कर रहे थे।
गया स्टेशन पर उतरने के बाद उनका काले रंग का लैपटॉप बैग ट्रेन में ही छूट गया था, जिसकी बरामदगी का उन्होंने अनुरोध किया था। शिकायत मिलते ही प्रभारी निरीक्षक, आरपीएफ कोडरमा के निर्देश पर गुरपा स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षी प्रभात कुमार ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
ट्रेन के साधारण कोच की गहन तलाशी के दौरान कुछ ही देर में बैग बरामद कर लिया गया। इसके बाद मोबाइल पर वीडियो कॉल के जरिए शिकायतकर्ता से बैग की पहचान कराई गई। पहचान की पुष्टि होने के बाद बैग को सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया।
97 हजार नकद मिले, शिकायत में बैग में रखी नकदी का कोई उल्लेख नहीं
जांच के दौरान आरपीएफ कर्मियों को बैग के अंदर 97 हजार रुपये नकद मिले, जिसमें 500 रुपये के 116 नोट और 200 रुपये के 195 नोट शामिल थे। खास बात यह रही कि शिकायतकर्ता ने अपनी मूल शिकायत में बैग में रखी नकदी का कोई उल्लेख नहीं किया था।
खबरें और भी
नकदी मिलने की जानकारी दोबारा शिकायतकर्ता को दी गई, जिस पर उन्होंने आरपीएफ की ईमानदारी और निष्पक्ष कार्यशैली की जमकर प्रशंसा की। बाद में बैग के मालिक अनिल कुमार (50 वर्ष, पिता - स्व. राम बदन सिंह, निवासी - ग्राम, डाकघर एवं थाना कुढ़नी, जिला कैमूर, बिहार) गुरपा आरपीएफ आउट पोस्ट पहुंचे।
आरपीएफ की ओर से आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन और सुपुर्दगीनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद लैपटॉप और 97 हजार रुपये नकद उन्हें सकुशल सौंप दिए गए।