कोडरमा SIR: वोटर लिस्ट में नाम बचाना है तो आज ही जमा करें दस्तावेज, 5 अगस्त को आएगी ड्राफ्ट सूची
कोडरमा में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत बुधवार तक दस्तावेज जमा करने का अंतिम मौका है, जिसके बाद 5 अगस्त को ड्राफ्ट सूची प्रकाशित होगी ...और पढ़ें

कोडरमा एसआईआर
जागरण संवाददाता, कोडरमा। विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत कोडरमा जिले में एन्यूमरेशन फार्म भरने और आवश्यक साक्ष्य जमा करने का बुधवार को अंतिम मौका है। इसके बाद 5 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित कर दिया जाएगा।
जिन मतदाताओं ने अब तक अपना फार्म जमा नहीं किया है या आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए हैं, उनके लिए कल तक अवसर है, फार्म भरकर जमा करने का।
जिला निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय तक दावा-आपत्ति अथवा साक्ष्य प्रस्तुत नहीं करने वाले मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए जा सकते हैं।
फार्म भरने का कार्य 29 जुलाई तक पूरा
जिले में एसआईआर अभियान के तहत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन और एन्यूमरेशन फार्म भरने का कार्य 29 जुलाई तक पूरा कर लेना है।
कोडरमा जिले में अब तक प्राप्त आंकड़ों के विश्लेषण में करीब 13 हजार ऐसे मतदाता चिन्हित किए गए हैं, जिनके नाम को लेकर विसंगतियां सामने आई हैं। इनमें लगभग 2200 मतदाता ऐसे हैं, जिनका नाम एक ही विधानसभा क्षेत्र में दो स्थानों पर दर्ज है।
2700 मतदाताओं का नाम अलग-अलग बूथों पर
करीब 2700 मतदाताओं का नाम अलग-अलग बूथों पर पाया गया है, जबकि लगभग 5700 मतदाताओं का नाम दूसरे राज्य की विधानसभा की मतदाता सूची में भी दर्ज है। इसके अलावा करीब तीन हजार मृत मतदाताओं के नाम भी सूची में शामिल पाए गए हैं।
उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय सोनी ने बताया कि जिन मतदाताओं अथवा उनके माता-पिता का नाम वर्ष 2002-03 की मतदाता सूची में उपलब्ध नहीं है और वे जन्म प्रमाणपत्र, आधार, दसवीं का प्रमाणपत्र अथवा अन्य निर्धारित साक्ष्य उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं, उनके नाम हटाने की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मतदाताओं को संबंधित बीएलओ या बीएलओ ऐप के माध्यम से बुधवार तक अपना दावा-आपत्ति और आवश्यक दस्तावेज जमा करना होगा।
खबरें और भी
जिले में कुल 3,98,462 मतदाता
उन्होंने बताया कि जिले में कुल 3,98,462 मतदाता हैं, जिनमें से लगभग शत प्रतिशत मतदाताओं का डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है। सतगावां, कोडरमा नगर परिषद, डोमचांच नगर पंचायत और डोमचांच प्रखंड में शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन हो चुका है।
झुमरीतिलैया में 69,629 में से 69,626 तथा मरकच्चो में 77,689 में से 77,301 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन पूरा किया गया है। इस उपलब्धि के साथ कोडरमा राज्य के सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल है।
पांच अगस्त को प्रकाशित होगी ड्राफ्ट लिस्ट
निर्वाचन विभाग के अनुसार 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा 3 अक्टूबर तक किया जाएगा, जबकि 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अवसर का लाभ उठाते हुए अपने दस्तावेज समय पर जमा करें, ताकि मतदान का संवैधानिक अधिकार कायम रहे।