लातेहार में चोरों का दुस्साहस! एक ही रात दो ठिकानों पर बोला धावा; माओवादी रविंद्र गंझू के घर से भी सामान गायब
चोरों ने लातेहार के हेसला गांव में एक ही रात माओवादी रविंद्र गंझू के घर से टीवी-बैटरी और स्कूल से पानी का मोटर चुरा लिया। इस घटना से ग्रामीणों में सुर ...और पढ़ें

माओवादी रविंद्र गंझू के घर से पानी का मोटर उखाड़ ले गए चोर। जागरण
संवाद सूत्र, चंदवा (लातेहार)। थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती हेसला गांव में चोरों ने एक ही रात दो अलग-अलग ठिकानों पर धावा बोलकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। चोरों ने हाल में गिरफ्तार कुख्यात माओवादी रविंद्र गंझू के हेसला स्थित घर को निशाना बनाते हुए एलईडी टीवी और बड़े बैट्रा चोरी कर लिए।
इसके साथ चोरों ने उत्क्रमित विद्यालय हेसला परिसर में प्रवेश कर पेयजल आपूर्ति के लिए लगा मोटर भी उखाड़ लिया। एक ही रात हुई दो वारदातों से गांव में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ने के साथ पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, चोर रात के अंधेरे में रविंद्र गंझू के घर में घुसे और वहां से एलईडी टीवी व बड़े बैट्रा लेकर फरार हो गए। इसके बाद विद्यालय परिसर में पहुंचे चोरों ने पेयजल आपूर्ति के लिए लगाया गया मोटर उखाड़ लिया। सुबह विद्यालय खुलने पर शिक्षकों को मोटर चोरी होने की जानकारी मिली।
शिक्षिका अनुराधा सिंह ने बताया कि अज्ञात चोर विद्यालय परिसर में घुसकर मोटर चोरी कर ले गए। मोटर के अभाव में विद्यालय की पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो गई है। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
खबरें और भी
विद्यालय प्रबंधन ने चंदवा थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी बीआरसी कार्यालय चंदवा को भी दी गई है। बता दें कि पुलिस ने रविंद्र गंझू को हाल ही में गिरफ्तार किया था। ऐसे में उसके घर को ही चोरों द्वारा निशाना बनाया जाना ग्रामीणों के बीच खासा चर्चा का विषय बना हुआ है।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, जांच तेज:
चोरी की घटना की सूचना मिलते चंदवा थाना पुलिस हेसला पहुंची और घटनास्थलों का निरीक्षण किया। पुलिस ने रविंद्र गंझू के स्वजनों तथा विद्यालय परिवार से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि चोरी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास जारी है।
ग्रामीणों की दो टूक मांग:
ग्रामीणों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने, संदिग्धों पर नजर रखने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र उद्भेदन कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है।