बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों की अब खैर नहीं! लातेहार में 110 लोगों का कटा ऑनलाइन चालान
लातेहार में बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों पर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाई है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से 110 चालकों का ऑनलाइन चालान काटा गया, जिस ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
लातेहार में बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर सख्ती।
सीसीटीवी से निगरानी कर 110 ऑनलाइन चालान काटे गए।
जागरण संवाददाता, लातेहार। लातेहार जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। अब बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों की पहचान सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जा रही है और मौके पर रोके बिना ही ऑनलाइन चालान काटा जा रहा है।
उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर यह अभियान दोबारा शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल ने बताया कि गुरुवार को दोपहर चार बजे तक कुल 110 दोपहिया वाहन चालकों का ऑनलाइन चालान किया जा चुका था। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरों में कैद होने के बाद उनकी पहचान की जाती है और वाहन के पंजीकरण विवरण के आधार पर ई-चालान जारी किया जाता है।
चालान की प्रति सीधे संबंधित वाहन चालक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जा रही है। यह व्यवस्था सड़क सुरक्षा को मजबूत करने तथा दुर्घटनाओं में होने वाली जानमाल की क्षति को कम करने के उद्देश्य से लागू की गई है।
जिला मुख्यालय के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से वाहनों की लगातार निगरानी की जा रही है। जिला नियंत्रण कक्ष में परिवहन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों की पहचान कर तत्काल ऑनलाइन चालान जारी कर रहे हैं।
खबरें और भी
जिला प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और हमेशा हेलमेट पहनकर ही दुपहिया वाहन चलाएं। प्रशासन का मानना है कि लोगों की जागरूकता और नियमों के पालन से सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।