लातेहार के डुमरा गांव में तीन माह से पेयजल संकट, चापानल खराब होने से ग्रामीण परेशान
लातेहार के डुमरा गांव में चापानल खराब होने से तीन माह से जलमीनार से जलापूर्ति ठप है, जिससे लगभग 30 घरों में पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीण खुले कुएं ...और पढ़ें

जलमीनार से जलापूर्ति ठप, ग्रामीण खुले कुएं का पानी पीने को मजबूर।
HighLights
डुमरा गांव में तीन माह से चापानल खराब पड़ा।
जलमीनार से 30 घरों में जलापूर्ति पूरी तरह ठप।
पंचायत सूत्र, डाढ़ा (बारियातू)। बारियातू प्रखंड के डाढ़ा पंचायत अंतर्गत डुमरा गांव स्थित माडर के समीप लगा चापानल पिछले तीन माह से खराब पड़ा है। इसके कारण जलमीनार से जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है और लगभग 30 घरों के ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
बरसात के मौसम में ग्रामीण खुले कुएं का पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे बच्चों के बीमार होने की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीण रामकुमार उरांव, विजय उरांव, सुशीला देवी, राजकुमारी देवी, संतोष उरांव, बिगन उरांव सहित अन्य लोगों ने बताया कि सरकार द्वारा जल जीवन मिशन के तहत लाखों रुपये की लागत से गांव में शुद्ध पेयजल की घर-घर आपूर्ति के लिए जलमीनार का निर्माण कराया गया था। लेकिन चापानल खराब होने के कारण पिछले तीन माह से जलमीनार से पानी की आपूर्ति बंद है।
ग्रामीणों ने बताया कि चापानल खराब होने की लिखित सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार पासवान, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा पंचायत के मुखिया को दी जा चुकी है।
इसके बावजूद अब तक मरम्मत की दिशा में कोई पहल नहीं की गई है। ग्रामीणों ने लातेहार उपायुक्त से मामले की जांच कराते हुए अविलंब खराब चापानल की मरम्मत कराने तथा जलापूर्ति बहाल कराने की मांग की है, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।