लातेहार में बारिश बनी काल! वज्रपात की चपेट में आने से बुजुर्ग की हुई मौत
लातेहार के महुआडांड़ में वर्षा के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से 70 वर्षीय सीरील लकड़ा की मौत हो गई। इस दुखद घटना से गांव में शोक का माहौल है और ग्र ...और पढ़ें

महुआडांड़ में वज्रपात से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत।
HighLights
महुआडांड़ में वज्रपात से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत।
बारिश के दौरान बैलों को चराते समय हुआ हादसा।
संवाद सूत्र, महुआडांड़ (लातेहार)। लातेहार के महुआडांड़ प्रखंड के चैनपुर पंचायत अंतर्गत बहेराटोली गांव में शनिवार को वर्षा के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान बहेराटोली निवासी सीरील लकड़ा 70 वर्ष के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीरील लकड़ा शनिवार सुबह अपने बैलों को चराने के लिए गांव के समीप स्थित मैदान में गए थे।
इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज वर्षा शुरू हो गई। वर्षा से बचने के लिए उन्होंने छतरी ओढ़ ली, लेकिन कुछ ही देर बाद जोरदार वज्रपात हुआ। सीधे बिजली के चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वज्रपात की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनकी छतरी भी पूरी तरह फट गई।
वर्षा थमने के बाद जब ग्रामीण मैदान की ओर पहुंचे तो उन्होंने सीरील लकड़ा को जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर जांच करने पर उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को आपदा राहत योजना के तहत शीघ्र मुआवजा तथा अन्य सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बरसात के मौसम में खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें तथा वज्रपात की आशंका होने पर सुरक्षित स्थान पर शरण लें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।