लातेहार में करंट लगने से हाथी की मौत, फसल बचाने के लिए बिछे बिजली के तार में फंसने से गई जान
लातेहार के कोमर गांव में फसल बचाने के लिए लगाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से एक ...और पढ़ें

हाथी की मौत। फोटो जागरण
HighLights
लातेहार में फसल बचाने के लिए लगाए तार से हाथी की मौत।
हाथियों का झुंड मकई के खेत में घुसने के दौरान हुआ हादसा।
वन विभाग ने घटना की जांच शुरू की, पोस्टमार्टम होगा।
जागरण संवाददाता, लातेहार। फसल बचाने के लिए खेत के चारों ओर बिछाया गया बिजली का तार रविवार की रात एक गजराज के लिए मौत का फंदा बन गया।
कोमर गांव में करीब 15 हाथियों का झुंड मकई के खेत की ओर पहुंचा। इसी दौरान एक हाथी करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद झुंड में मची अफरातफरी और हाथियों की चिंघाड़ से पूरा इलाका दहल उठा। आशंका है कि कुछ अन्य हाथी भी करंट की चपेट में आए होंगे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कोमर और आसपास के गांवों में इन दिनों हाथियों का आतंक ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। रात होते ही झुंड गांवों में घुस आता है और घरों के साथ खेतों में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाता है।
रविवार की रात भी हाथियों का झुंड गांव की ओर आया था। वन विभाग के ट्रैकर पप्पू महतो समेत ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें खदेड़ा। रात करीब दो बजे तक हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

इसके बाद हाथी फिर गांव की ओर लौट आए और एक ग्रामीण के मकई के खेत में घुस गए। खेत में पहले से बिजली का तार लगाया गया था। अंधेरे में हाथी उस तार को देख नहीं सका और उसकी चपेट में आ गया।
करंट लगते ही उसकी जान चली गई। घटना के बाद झुंड के दूसरे हाथी इधर-उधर भागने लगे। ग्रामीणों ने देर रात तक उनकी चिंघाड़ सुनी। ट्रैकर पप्पू महतो ने बताया कि यदि हाथियों को भगाने के लिए वनकर्मी उस समय खेत के पास पहुंचते तो वे भी हादसे का शिकार हो सकते थे।
वन समिति अध्यक्ष सुनील उरांव ने कहा कि खेत में बिजली का तार लगाने से ग्रामीणों को पहले भी मना किया गया था। इसके बावजूद ऐसा किया गया, जिसका खामियाजा अब एक बेजुबान वन्यजीव को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा।
रेंजर नंद कुमार मेहता ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हाथी के पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल टीम गठित की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। डीएफओ प्रवेश अग्रवाल ने भी घटना की पुष्टि करते हुए जांच की बात कही है।
यह भी पढ़ें- रामगढ़ में हाथियों का आतंक! खेत में काम कर रही महिला को कुचलकर मार डाला; घायल महिला ने भी तोड़ा दम
