ऑनलाइन गेम में हारी रकम ने बनाया चोर, लातेहार पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के तीन आरोपितों को पकड़ा
ऑनलाइन गेम में बड़ी रकम गंवाने के बाद जल्दी अमीर बनने की चाहत में एक युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर ट्रैक्टर चोरी की साजिश रची। लातेहार पुलिस ने ...और पढ़ें

तीन आरोपित गिरफ्तार, बरवाडीह से चोरी गई ट्रैक्टर बरामद।
संवाद सूत्र, गारू (लातेहार)। ऑनलाइन गेम में बड़ी रकम गंवाने के बाद कम समय में पैसा कमाने की लालसा ने एक युवक को अपराध की राह पर धकेल दिया। उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर ट्रैक्टर चोरी की साजिश रची, लेकिन गारू थाना पुलिस की सतर्कता और तकनीकी अनुसंधान के आगे पूरी योजना धरी की धरी रह गई।
पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी गई ट्रैक्टर बरामद कर ली है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। मामले का खुलासा सोमवार को महुआडांड़ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी पूजा कुमारी ने प्रेसवार्ता में किया।
उन्होंने बताया कि गारू थाना क्षेत्र के सुरकुमी बेसनाखाड़ निवासी विनोद उरांव की ट्रैक्टर एक जुलाई की रात घर के समीप से चोरी हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर गारू थाना कांड संख्या 13/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस अधीक्षक गौरव कुमार के निर्देश पर थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान बरवाडीह थाना क्षेत्र से चोरी गई ट्रैक्टर बरामद कर ली गई और तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
खबरें और भी
गिरफ्तार आरोपितों में पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के रेवारातू निवासी नागदेव रवि उर्फ सुजीत राम (19), सागर राम उर्फ सागर सिंह (52) तथा गारू थाना क्षेत्र के बेसनाखाड़ निवासी रवि यादव (19) शामिल हैं। पूछताछ में तीनों ने ट्रैक्टर चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
एसडीपीओ ने बताया कि अनुसंधान के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मुख्य आरोपित नागदेव रवि उर्फ सुजीत राम ऑनलाइन गेम में बड़ी रकम हार चुका था। आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए उसने कम समय में अधिक पैसा कमाने की नीयत से ट्रैक्टर चोरी की योजना बनाई।
वाहन चलाने और तकनीकी जानकारी रखने वाले सागर राम तथा स्थानीय सहयोगी रवि यादव को साथ लेकर उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपितों की निशानदेही पर चोरी गई ट्रैक्टर, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
छापामारी दल में पुअनि इंद्रदेव राम, जिला पुलिस बल एवं आईआरबी के जवान शामिल थे। इस छापामारी में चोरी गई ट्रैक्टर, घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन शामिल है। वहीं गिरफ्तार आरोपित में नागदेव रवि उर्फ सुजीत राम, सागर राम उर्फ सागर सिंह, रवि यादव के नाम शामिल है।