विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोहरदगा में बंद कमरे से उठी आग की लपटें, पति-पत्नी की झुलसकर मौत; फॉरेंसिक टीम करेगी जांच

Published: Sun, 25 Oct 2026 02:47 PM (IST)

लोहरदगा के भंडरा थाना क्षेत्र में आग लगने से एक मानसिक रूप से बीमार युवक और उसकी पत्नी की मौत ...और पढ़ें

भंडरा के धनामुजी गांव में दंपती की आग से मौत।

भंडरा के धनामुजी गांव में दंपती की आग से मौत।

HighLights

  1. भंडरा के धनामुजी गांव में दंपती की आग से मौत।

  2. मानसिक रूप से बीमार युवक और पत्नी झुलसकर मरे।

संवाद सूत्र, भंडरा (लोहरदगा)। लोहरदगा जिला के भंडरा थाना क्षेत्र के धनामुजी गांव में शनिवार की देर रात मानसिक रुप से बीमार युवक और उसकी पत्नी की आग से झुलस कर मौत हो गई। युवक की मौत मौके पर ही हो गई थी।

सदर अस्पताल लाए जाने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि उसकी पत्नी को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रांची के रिम्स के लिए रेफर किया गया था, जहां पर देर रात इलाज के दौरान उसकी पत्नी की भी मौत हो गई। घटना को लेकर पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतकों की पहचान भंडरा थाना क्षेत्र के धनामुजी गांव निवासी लोथे उरांव के 22 वर्षीय पुत्र अजीत उरांव और उसकी 19 वर्षीय पत्नी बाल्मीका कुमारी के रूप में हुई है। कहा जा रहा है कि अजीत पिछले कुछ महीनों से मानसिक रूप से बीमार था। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह कई दिनों तक पझरी पहाड़ पर भी रहने लगा था। वह कुछ दिन पहले काम करने का बहाना बनाकर रांची चला गया था।

lohardaga news

करमा त्योहार के दौरान अजीत वापस अपने घर लौटा था। शनिवार की देर रात अजीत अपने कमरे में पत्नी के साथ था। इसी दौरान कमरे से आग और धुआं उठता देख घर के बाहर घूम रहे स्वजनों को इसकी जानकारी हुई। जिसके बाद कमरे से दोनों को निकाल कर आनन-फानन सदर अस्पताल लोहरदगा पहुंचाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने अजीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से झुलसी बाल्मीका को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया। हालांकि रिम्स में इलाज के दौरान बाल्मीका ने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

गांव के कुछ लोगों का कहना है कि अजीत ने हीं मानसिक रूप बीमार होने की स्थिति में अपनी पत्नी को आग लगाने के बाद खुद भी आग लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि कुछ लोग घर के कमरे में खाना बनाने के दौरान चूल्हे की आग से पत्नी के कपड़े में आग लगने और पत्नी को बचाने के क्रम में दोनों के झुलस जाने से मौत होने की बात भी कह रहे हैं।

मामले में थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता का कहना है कि फिलहाल भंडरा थाना पुलिस इस मामले को गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से वायरिंग तार भी जला हुआ मिला है। फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। जांच के उपरांत ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या फिर दुर्घटना। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। 

यह भी पढ़ें- पशु तस्करी का भंडाफोड़: लोहरदगा में कोयल नदी पुल के पास पुलिस ने पकड़े 11 पशु, तस्कर फरार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।