यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'हेमंत सोरेन ने गड़बड़ी की है तो जाना ही होगा जेल...' संकल्प यात्रा में बाबूलाल का मुख्यमंत्री पर तीखा हमला
लोहरदगा में रविवार को जनसभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार लोहरदगा आए बाबूला ...और पढ़ें

HighLights
- बाबूलाल मरांडी में लोहरदगा में कहा- डूमरी चुनाव हर हाल में भारी बहुमत से जीतेंगे।
- झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार लोहरदगा आए बाबूलाल मरांडी।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने लोहरदगा में हुंकार भरते हुए कहा कि डूमरी चुनाव जीतेंगे और हर हाल में जीतेंगे, भारी बहुमत से जीतेंगे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर प्रहार करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री ने गड़बड़ी की है, तो उन्हें जेल जाना ही पड़ेगा। उन्हें होटवार जेल जाना ही पड़ेगा। आखिर हेमंत सोरेन कब तक दौड़ लगाएंगे।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि हेमंत सोरेन ने गड़बड़ी नहीं की है, तो उन्हें ईडी के सामने जाने में डर क्यों लग रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से अपराधी बेलगाम हो चुके हैं, उससे कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहा है। आम आदमी अपने आप को असुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहा है।
प्रदेश में तालिबानी शासन: बाबूलाल
विगत दिनों न्यायालय में पेशकार को थप्पड़ मारे जाने की घटना को लेकर बाबूलाल ने कहा कि जब सबसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान ही असुरक्षित है, तो और कहीं के बारे में ही क्या कहा जा सकता है।
जमशेदपुर में जिस प्रकार से कोर्ट में सरेआम पेशकार को पीटा गया, इससे प्रतीत होता है कि प्रदेश में तालिबानी शासन है।
बाबूलाल बोले- इस सरकार को उखाड़ फेंकना...
उन्होंने कहा कि इस सरकार को उखाड़ फेंकना राज्य की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन पांच से ज़्यादा हत्या, पांच से ज़्यादा दुष्कर्म, पांच से ज़्यादा अपहरण के मामले सामने आ रहे हैं।
जब से हेमंत मुख्यमंत्री बने हैं, तबसे बेतहाशा अपराध बढ़ा है। अपराधियों में हिम्मत बढ़ गई है। आम लोग डरे सहमे हुए हैं।
बारिश के बीच जनसभा को किया संबोधित
बाबूलाल ने वीर बुद्धू भगत और पांडेय गणपत राय की भूमि को नमन करते हुए वर्षा के बीच जनसभा को संबोधित किया। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भोगनाडीह से शुरू हुई संकल्प यात्रा अब जनता के समर्थन से जनसंकल्प यात्रा बन गई है।
खबरें और भी
बाबूलाल का दावा...
उन्होंने दावा किया कि हेमंत सरकार से निजात पाने को जनता लालायित दिख रही है। कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। चोरी, डकैती, हत्या अपहरण और दुष्कर्म के मामले देश में सर्वाधिक हेमंत सरकार में हुए हैं।
अपराधी बेखौफ होकर अपराध कर रहे हैं। जिस पुलिस को अपराधियों को धर दबोचना था, वे सरकार के इशारे पर हेमंत सरकार के खिलाफ बोलने वालों पर केस करना व वसूली कार्य में व्यस्त हैं।
पुलिस अधिकारियों पर भी लगाए गंभीर आरोप
उन्होंने कहा कि पुलिस पदाधिकारी और सरकारी पदाधिकारी मोबाइल रिचार्ज की तरह वसूली के माध्यम से रिचार्ज कर रहे हैं। अधिकारी बोलते हैं, देकर आए हैं, लेकर जाएंगे।
सांसद सुदर्शन भगत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बेहतर काम कर रही है। केंद्र सरकार ने सभी वर्ग के लोगों का विकास किया है। आम आदमी के भविष्य और आवश्यकताओं को लेकर काम किया है। राज्य सरकार सिर्फ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।