सड़क हादसे में मौत हुई तो नहीं बचेगा भारी वाहन चालक! लोहरदगा उपायुक्त ने दिए लाइसेंस रद करने के निर्देश
लोहरदगा में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब भारी वाहन से मौत होने पर चालक का लाइसेंस रद्द और वाहन ...और पढ़ें

भारी वाहन से मौत पर चालक का लाइसेंस रद्द होगा।
HighLights
भारी वाहन से मौत पर चालक का लाइसेंस रद्द होगा।
हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव की नियमित जांच।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्णय लिया है। उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में शनिवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई।
इसमें पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने जिला परिवहन पदाधिकारी जया शंखी मुर्मू को निर्देश दिया कि भारी वाहन से सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने की स्थिति में संबंधित चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के विरुद्ध नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए।
दोषी पाए जाने पर लाइसेंस रद करने के साथ संबंधित वाहन को भी जब्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन में कार्रवाई केवल कागजी नहीं, बल्कि प्रभावी और त्वरित होनी चाहिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, समिति सदस्य, हिंडाल्को प्रतिनिधि और सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य उपस्थित थे।
हेलमेट से लेकर ड्रंक एंड ड्राइव तक जांच
उपायुक्त ने जिले में नियमित हेलमेट जांच, ट्रिपल राइडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध अभियान चलाने का निर्देश दिया। सभी प्रकार के वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस विभाग को भी वाहन जांच तेज करने और यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
खबरें और भी
बॉक्साइट ट्रकों पर जीपीएस और तिरपाल अनिवार्य
डिंडाल्को इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों को खनन क्षेत्र से संचालित ट्रकों को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी संबंधित ट्रकों में जीपीएस लगाने, बाक्साइट का परिवहन अनिवार्य रूप से तिरपाल से ढंक कर करने और वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाने को कहा।
साथ ही यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि ट्रक चालकों के पास भारी वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस हो। हिंडाल्को के ट्रकों के आवागमन से क्षतिग्रस्त सड़कों की शिकायतों की जांच अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार की अध्यक्षता वाली समिति को जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया।
स्कूलों के सामने लगेंगे रंबल स्ट्रिप
उपायुक्त ने विद्यालयों के आसपास सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। जिन विद्यालयों के सामने रंबल स्ट्रिप की आवश्यकता है, उन्हें चिह्नित करने को कहा गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े पदाधिकारियों को छूटे हुए आवश्यक स्थानों पर रंबल स्ट्रिप लगाने का निर्देश दिया गया। रोड सेफ्टी मैनेजर ने बैठक में जिले के विभिन्न ब्लैक स्पॉट की जानकारी भी दी।
हिट एंड रन मामलों का जल्द होगा निष्पादन
बैठक में हिट एंड रन के मामलों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एनएचएआई के अंतर्गत कुडू-चंदवा पथ पर सड़क किनारे झुकी डालियों को आवश्यकतानुसार काटकर हटाने को कहा गया, ताकि आवागमन में बाधा और दुर्घटना की आशंका कम हो।
अपर बाजार में नो-पार्किंग के लगेंगे बोर्ड
नगर क्षेत्र में अनियंत्रित पार्किंग की समस्या को देखते हुए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मुक्ति किंडो को अपर बाजार और ईस्ट गोला रोड में नो-पार्किंग तथा पार्किंग क्षेत्र के स्पष्ट साइनेज लगाने का निर्देश दिया गया। इससे बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
अवैध शराब पर भी कार्रवाई का निर्देश
उत्पाद अधीक्षक को जिले में अवैध देशी शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के विरुद्ध नियमित कार्रवाई करने को कहा गया। उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी के लिए प्रवर्तन, जागरूकता, यातायात प्रबंधन और सड़क संरचना में सुधार पर एक साथ काम करना होगा।