Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लोहरदगा में अब पंचायत में ही बनेंगे जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र; यहां पढ़े पूरी जानकारी

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 04:49 PM (GMT+05:30)

    लोहरदगा जिले में 3 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक विशेष राजस्व सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर ही जाति, आय, स्थानीय निवा ...और पढ़ें

    एआई जेनरेटेड इमेज।

    एआई जेनरेटेड इमेज।

    HighLights

    1. पंचायत स्तर पर राजस्व सेवाओं का त्वरित निष्पादन होगा।

    2. जाति, आय, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र मौके पर उपलब्ध होंगे।

    जागरण संवाददाता, लोहरदगा। जिले के ग्रामीणों को राजस्व संबंधी सेवाएं उनके पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने विशेष राजस्व सेवा शिविर शुरू किया है।

    कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश पर तीन अगस्त से शुरू होकर 11 अगस्त 2026 तक जिले के सभी प्रखंडों की सभी पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का आयोजन संबंधित पंचायत भवनों में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगा।

    शिविरों में जाति, आय, स्थानीय निवासी एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाएगा।

    इसके अलावा दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), राजस्व अभिलेखों से संबंधित लंबित मामलों और अन्य राजस्व सेवाओं के आवेदनों का भी मौके पर निपटारा किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य लोगों को प्रखंड एवं जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर लगाने से राहत देना और सरकारी सेवाओं को गांव तक पहुंचाना है।

    lohardaga shivir

    सातों प्रखंडों में तय कार्यक्रम के अनुसार होंगे शिविर

    जिला प्रशासन ने सभी प्रखंडों के लिए पंचायतवार तिथियां निर्धारित कर दी हैं। कुडू, सदर, सेन्हा, भंडरा, पेशरार, किस्को और कैरो प्रखंड की पंचायतों में 3 अगस्त से चरणबद्ध तरीके से शिविर लगाए जा रहे हैं।

    प्रत्येक पंचायत में निर्धारित तिथि पर राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे तथा प्राप्त आवेदनों का यथासंभव उसी दिन निष्पादन किया जाएगा।

    शिविर में इन सेवाओं का मिलेगा लाभ

    विशेष शिविर में जाति, आय, स्थानीय निवासी एवं ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र का वितरण, नए आवेदन स्वीकार करना, दाखिल-खारिज से जुड़े मामलों का निस्तारण, लंबित आवेदनों की सुनवाई तथा अन्य राजस्व मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाएगा।

    खबरें और भी

    जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं होगा, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाएगा।

    आवश्यक दस्तावेज लेकर पहुंचे नागरिक

    जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी पंचायत के लिए निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित पंचायत भवन में पहुंचें। इससे लंबित मामलों का समय पर निष्पादन हो सकेगा और प्रमाण पत्र समेत अन्य राजस्व सेवाओं का लाभ बिना अनावश्यक विलंब के मिल सकेगा।

    प्रशासन का कहना है कि यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।