Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हॉस्टल में 4 छात्राओं को सांप काटने और 1 की मौत पर NHRC सख्त, झारखंड के मुख्य सचिव से रिपोर्ट तलब

    Updated: Mon, 13 Jul 2026 05:09 PM (IST)

    राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने लोहरदगा के कुडू प्रखंड के एक आवासीय विद्यालय में सांप काटने से छात्रा की मौत और तीन अन्य के घायल होने के मामले में स्वतः ...और पढ़ें

    लोहरदगा आवासीय विद्यालय में सांप काटने से छात्रा की मौत, मानवाधिकार आयोग ने मांगी रिपोर्ट।

    लोहरदगा आवासीय विद्यालय में सांप काटने से छात्रा की मौत, मानवाधिकार आयोग ने मांगी रिपोर्ट।

    HighLights

    1. कुडू आवासीय विद्यालय में सांप काटने से छात्रा की मौत।

    2. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया।

    3. झारखंड मुख्य सचिव से दो सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट तलब।

    जागरण संवाददाता, लोहरदगा। लोहरदगा जिले के कुडू प्रखंड के आवासीय विद्यालय के छात्रावास में चार छात्राओं को सांप काटने और एक छात्रा की मौत के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने इसे विद्यार्थियों के मानवाधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला मानते हुए झारखंड के मुख्य सचिव को नोटिस जारी किया है।

    एनएचआरसी ने मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि दो सप्ताह के भीतर पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट आयोग को उपलब्ध कराई जाए। रिपोर्ट में घटना की परिस्थितियों, छात्रावास में सुरक्षा एवं बचाव के इंतजामों के साथ-साथ घायल छात्राओं की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति का भी उल्लेख करना है।

    राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि सात जुलाई की रात छात्रावास के भूतल स्थित कमरे में चार छात्राएं रात्रि भोजन के बाद सो रही थीं। इसी दौरान उन्हें सांप ने काट लिया।

     घटना में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राओं को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया था।

    मानवाधिकार उल्लंघन का गंभीर मामला

    आयोग ने कहा कि यदि मीडिया रिपोर्ट में प्रकाशित तथ्य सही हैं तो यह छात्राओं की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही और मानवाधिकारों के उल्लंघन का मामला है। ऐसे में राज्य सरकार से पूरे प्रकरण की जवाबदेही तय करने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उठाए गए कदमों की भी जानकारी मांगी गई है।

    खबरें और भी

    13LGG_12_13072026_352

    निर्माणाधीन आवासीय विद्यालय में सांप के डंसने से एक छात्रा की मौत

    लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र की सलगी पंचायत स्थित रोचो महुवा टोली के संवसीरा हायर सेकेंडरी आवासीय विद्यालय में सात जुलाई की देर रात करैत सांप के डंसने से 12 वर्षीय छात्रा वर्षा उरांव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राएं घायल हो गईं थी।

    घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और छात्रावास में बुनियादी सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए। विद्यालय का भवन अभी निर्माणाधीन है। बावजूद कुछ छात्राएं वहीं छात्रावास में रह रही थीं।

    सात जुलाई की रात भोजन करने के बाद सभी छात्राएं अपने कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान एक करैत सांप कमरे में घुस गया और सबसे पहले सेन्हा थाना क्षेत्र के अलौदी नवाटोली निवासी प्रणीम उरांव की पुत्री वर्षा उरांव को डंस लिया।

    उसके शोर मचाने पर सांप ने फुलमनिया उरांव, अनिसा उरांव और मनीषा कुमारी को भी काट लिया। छात्राओं की चीख-पुकार सुनकर विद्यालय के शिक्षक मौके पर पहुंचे और सभी को तत्काल लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया।

    वहां चिकित्सकों ने वर्षा उरांव को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में कुडू निवासी फुलमनिया उरांव को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया। मनीषा कुमारी का इलाज सदर अस्पताल में किया गया, जबकि अनिसा उरांव का उपचार एक निजी अस्पताल में कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना रहा।