झारखंड में पवित्र रिश्ता कलंकित! युवक पर सगी बहन के साथ रेप का आरोप, ग्रामीणों ने पीटकर पुलिस को सौंपा
झारखंड के पाकुड़ में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सगे भाई ने अपनी ही ...और पढ़ें

मौके पर पहुंची पुलिस। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, पाकुड़। समाज में भाई-बहन के रिश्ते को सबसे पवित्र और अटूट माना गया है, लेकिन इसी पावन रिश्ते को कलंकित करने वाली घटना सामने आई है।
नगर थाना क्षेत्र के एक गांव में सगे भाई पर अपनी ही नाबालिग बहन के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। पीड़िता ने बुधवार को नगर थाना में अपने ही भाई के विरुद्ध दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराई है और पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, आदिवासी समाज की इस पीड़िता के मां-बाप का देहांत हो चुका है। ऐसे में वह अपने भाई के साथ रहती थी। भाई शादीशुदा बताया जा रहा है, उसकी उम्र 26 साल है। वहीं, पीड़िता 16 साल की है। परिवार में 3 ही लोग हैं।
कई बार किया रेप
पीड़िता ने बताया कि उनके भाई ने पिछले 2 साल में उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया है। रांची ले जाकर भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। लड़की रांची में सहायिका का काम करती थी। उसे लेने जाने के बहाने उसे हवस का शिकार बनाता था। लड़की के मुताबिक उसके भाई ने उकी जिंदगी को नर्क बनाकर रख दिया है।
पीड़िता ने बताया कि बुधवार को भी भाई ने उनके साथ जबरदस्ती की। जब लड़की ने उसका विरोध किया तो उसे घर से निकाल दिया और सारा सामान फेंक दिया।
शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए और आरोपी को पकड़कर जमकर पिटाई की। इसके बाद नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। नगर थाना पुलिस गांव पहुंच लड़के को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराया।
लड़की को कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों के साथ दोनों को थाना लाया गया। प्राथमिकी के बाद आरोपित को जेल भेज दिया गया। इधर, ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कुछ लोगों को जब इस शर्मनाक कृत्य की भनक लगी, तो उन्होंने तत्परता दिखाई।
ग्रामीणों ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ चुके कलयुगी भाई और पीड़ित बहन को एक साथ पकड़ लिया। इसके बाद कलयुगी भाई की पिटाई करने के बाद नगर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया। एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी हुई है। आरोपित को पकड़कर जेल भेज दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।