विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पाकुड़ में दिनदहाड़े ज्वेलर्स दुकान में डकैती, लाखों के गहने लूट कर भागे अपराधी

By Rohit KumarEdited By: Piyush Pandey
Published: Wed, 02 Sep 2026 04:56 PM (IST)

पाकुड़ के अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में दिनदहाड़े लाखों के सोने-चांदी के आभूषणों की डकैती हुई।

HighLights

  1. अमड़ापाड़ा के किशुन वर्मा ज्वेलर्स में दिनदहाड़े डकैती हुई।

  2. अपराधी लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण ले गए।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, अपराधियों की तलाश जारी।

जागरण संवाददाता, पाकुड़। अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में बुधवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।

दुकान में घुसे अपराधी सोने और चांदी के लाखों रुपये मूल्य के आभूषण लेकर फरार हो गए। मुख्य बाजार में दिनदहाड़े हुई वारदात की सूचना फैलते ही दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया है।

बताया जा रहा है कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज के आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।

दिनदहाड़े हुई वारदात से दहशत

मुख्य बाजार में दिनदहाड़े ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाए जाने से आसपास के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। घटना के बाद बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों ने पुलिस से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि व्यस्त बाजार में इस तरह की वारदात से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

लाखों के आभूषण ले जाने की सूचना

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अपराधी दुकान से सोने और चांदी के आभूषण लेकर फरार हुए हैं। हालांकि चोरी गए जेवरात की वास्तविक कीमत और कुल मात्रा का आकलन पुलिस एवं दुकान संचालक की ओर से मिलान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस

पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर अपराधियों की गतिविधियों और पहचान से जुड़े सुराग जुटा रही है।

अपराधी किस दिशा में भागे और घटना में कितने लोग शामिल थे, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।

यह भी पढ़ें- गोड्डा-पाकुड़ रेल लाइन को इसी साल मिलेगी मंजूरी, निशिकांत दुबे ने रेल मंत्री के सामने रखीं 7 बड़ी मांगें