विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नियुक्ति प्रक्रिया को उद्योग बनाना बंद करें, नहीं तो पूरे झारखंड में होगा चक्का जाम; भर्ती सुधार यात्रा पहुंची पाकुड़

Published: Sat, 29 Aug 2026 06:20 PM (IST)

Jharkhand Recruitment Reform Yatra: छात्र नेता देवेंद्र महतो ने चेतावनी दी है कि यदि झारखंड में भर्ती व्यवस्था में सुधार ...और पढ़ें

भर्ती सुधार यात्रा के दौरान नेमरा से पाकुड़ पहुंचे देवेंद्र महतो और अन्य। (फोटो जागरण)

भर्ती सुधार यात्रा के दौरान नेमरा से पाकुड़ पहुंचे देवेंद्र महतो और अन्य। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. देवेंद्र महतो ने भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग की।

  2. सुधार न होने पर पूरे झारखंड में चक्का जाम की चेतावनी।

  3. भर्ती सुधार यात्रा पाकुड़ पहुंची, छात्रों ने किया भव्य स्वागत।

संवाद सहयोगी, पाकुड़। झारखंड में भर्ती व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज किया जाएगा और चक्का जाम किया जाएगा। यह बात छात्र नेता देवेंद्र महतो ने शनिवार को पाकुड़ में भर्ती सुधार यात्रा के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया को उद्योग बनाना बंद करना होगा। यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो छात्र सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन की जन्मस्थली नेमरा से भर्ती सुधार यात्रा की शुरुआत की गई है।

इसके तहत राज्य के सभी 24 जिलों का भ्रमण कर छात्रों को आंदोलन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ‘24 जिला, 24 संकल्प और एक आवाज’ के साथ भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर यात्रा निकाली गई है।

देवेंद्र महतो ने कहा कि भर्ती व्यवस्था में गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों के आंदोलन के बाद सरकार ने 15 अगस्त को 45 परीक्षाओं के संबंध में कार्रवाई की है। उनके अनुसार, सीआइडी जांच में गड़बड़ी मिलने के बाद 22 परीक्षाएं रद की गईं, 17 की जांच चल रही है और छह परीक्षाओं पर रोक लगाई गई है।

उन्होंने दावा किया कि नौकरी खरीदने के आरोप में चार चयनित अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी भी हुई है। उन्होंने इसे छात्र आंदोलन की सफलता बताया।

छात्रों के आंदोलन के बाद कार्रवाई का दावा

देवेंद्र महतो ने कहा कि छात्रों ने संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू किया है। यदि सरकार ने मांगों पर गंभीरता से पहल नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो छात्र सरकार के खिलाफ निर्णायक आंदोलन करेंगे।

पाकुड़ पहुंचने पर भर्ती सुधार यात्रा का छात्रों ने भव्य स्वागत किया। जेएलकेएम के पूर्व जिला अध्यक्ष मार्क मस्की के नेतृत्व में छात्रों ने देवेंद्र महतो को सिदो-कान्हू का चित्र भेंट किया और माला पहनाकर स्वागत किया।

यह भी पढ़ें- ‘नौकरी बेचने वालों को लटका कर मारेंगे’, JLKM नेता देवेंद्र महतो का बड़ा बयान

इसके बाद देवेंद्र महतो ने पाकुड़ पार्क स्थित सिदो-कान्हू समेत अन्य शहीदों की आदमकद प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के बाद भर्ती सुधार यात्रा साहिबगंज जिले के लिए रवाना हो गई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।